हिंदी
Baghpat: कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ जाती है, लेकिन बागपत में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर मवीकलां के पास ड्यूटी से तीन पुलिसकर्मी गायब मिले। इसी दौरान कांवड़ियों के वाहन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर पहुंच गए। मामले की जांच के बाद पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे के प्रवेश बिंदुओं पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मवीकलां के एंट्री प्वाइंट पर कांस्टेबल राजकुमार और निशांत की ड्यूटी लगाई गई थी। दोनों के साथ एक-एक होमगार्ड भी तैनात था।
आरोप है कि दोनों कांस्टेबल ड्यूटी से गायब हो गए। इसी दौरान कांवड़ियों के वाहन एक्सप्रेसवे पर पहुंच गए।
मामले में हेड कांस्टेबल राजबहादुर की ड्यूटी बड़ागांव कट पर लगाई गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, रात में वहां से करीब 42 वाहन निकल गए। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने जांच कराई और राजबहादुर की ड्यूटी बदलकर मवीकलां कट के पास कर दी। बताया गया कि ड्यूटी स्थल बदलने के बाद भी वह नए स्थान पर नहीं पहुंचा। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया।
‘आरक्षण का राजनीतिकरण बंद हो’: बसपा प्रमुख की दो टूक, आरएसएस को दी संविधान का सम्मान करने की नसीहत
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों के वाहनों को प्रवेश से रोकने के लिए मवीकलां एंट्री प्वाइंट और टोल प्लाजा के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। इसी व्यवस्था के बीच जब कुछ कांवड़ियों के वाहन एक्सप्रेसवे पर पहुंच गए तो उन्हें आगे रोककर जांच की गई। पता चला कि वाहन मवीकलां के पास से एक्सप्रेसवे पर चढ़े थे। जांच में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी सामने आने के बाद दोनों कांस्टेबलों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
मामले में ड्यूटी पर तैनात दोनों होमगार्ड के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। उनके खिलाफ रिपोर्ट संबंधित कमांडेंट को भेज दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, पति-पत्नी को मिल सकती है एक ही जगह पोस्टिंग; जानें नया नियम
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कांवड़ यात्रा के दौरान निवाड़ा पुल, मवीकलां और बड़ागांव कट के पास वाहनों को रोका जाता है। इन स्थानों पर तैनात कुछ पुलिसकर्मियों पर रात के समय वाहनों को निकालने के आरोप भी सामने आए हैं।
मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि ड्यूटी में लापरवाही किस स्तर पर हुई और किन परिस्थितियों में वाहनों को एक्सप्रेसवे पर जाने दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के अनुसार, ड्यूटी में लापरवाही के चलते हेड कांस्टेबल राजबहादुर और कांस्टेबल राजकुमार व निशांत को निलंबित किया गया है। विभागीय जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Baghpat
Published : 9 August 2026, 11:01 AM IST
Topics : Baghpat News Kanwar Yatra UP Police