हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: दिल्ली के अशोक विहार इलाके में गुरुवार तड़के हुई पुलिस मुठभेड़ में वजीरपुर हत्या कांड का आरोपी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया, जबकि आरोपी सूरज उर्फ काना के पैर में गोली लगी है। फिलहाल आरोपी का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
घटना अशोक विहार के प्रेमवाड़ी पुल के पास सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि वजीरपुर हत्या कांड का वांटेड आरोपी सूरज उर्फ काना इस इलाके में आने वाला है। इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर जाल बिछाया और आरोपी की तलाश में घेराबंदी की।
Delhi Police Encounter: गोलियों की तड़तड़ाहट से सहमी दिल्ली, हिमांशु भाऊ गैंग के 3 गुर्गे गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार आरोपी स्कूटी से मौके पर पहुंचा। जैसे ही वह पुलिस के घेरे में आया, टीम ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आरोपी द्वारा चलाई गई गोली एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट को छूते हुए निकल गई। गनीमत रही कि पुलिसकर्मी को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में सूरज उर्फ काना के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे काबू में कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल आरोपी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दो दिन पहले वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
Police Encounter in Delhi: वॉन्टेड शूटर मोगली गिरफ्तार, नागलोई और अलीपुर में की थी फायरिंग
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के ठीक होने के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Location : New Delhi
Published : 30 April 2026, 8:45 AM IST