त्योहारों से पहले सोना खरीदने वालों को तगड़ा झटका: हॉलमार्किंग फीस 67% बढ़ी, जानिए आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर

त्यौहारों से पहले सोना खरीदना हुआ महंगा! बीआईएस ने सोने के गहनों पर हॉलमार्किंग शुल्क 45 रुपये से बढ़ाकर 75 रुपये किया। 18% जीएसटी मिलाकर अब प्रति आभूषण 88.50 रुपये देने होंगे। जानिए छोटे गहनों पर इसका कितना असर पड़ेगा।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 21 September 2026, 7:59 AM IST
google-preferred

New Delhi: त्योहारी सीजन की शुरुआत से ठीक पहले सोना खरीदने की योजना बना रहे आम उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने सोने के गहनों की हॉलमार्किंग फीस में करीब 66.7 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी कर दी है।

अब तक प्रति आभूषण लगने वाला 45 रुपये का शुल्क सीधे बढ़ाकर 75 रुपये कर दिया गया है। नई दरें 14 सितंबर से लागू भी हो चुकी हैं। राहत की बात केवल इतनी है कि चांदी के आभूषणों के लिए हॉलमार्किंग शुल्क को बिना किसी बदलाव के 35 रुपये प्रति आभूषण ही रखा गया है।

75 रुपये पर 18% जीएसटी का तड़का

अगर आप सोच रहे हैं कि एक गहने पर केवल 75 रुपये ही देने होंगे, तो आप गलत हैं। बीआईएस के नियमानुसार, 75 रुपये का यह बेस चार्ज है, जिस पर 18 फीसदी जीएसटी अलग से वसूला जाएगा। इस तरह टैक्स जोड़ने के बाद ग्राहक को प्रति आभूषण कुल 88.50 रुपये चुकाने होंगे।

कच्चे तेल की नरमी से फिर चमका सोना: जानिए वैश्विक हलचल के बीच क्यों भागे सराफा बाजार के दाम

ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, सरकार द्वारा बढ़ाए गए किसी भी तरह के टैक्स या फीस का अंतिम बोझ हमेशा ग्राहक की जेब पर ही पड़ता है, जिससे गहने खरीदना अब और ज्यादा महंगा हो गया है।

हल्के गहनों की खरीदारी पड़ेगी सबसे महंगी

हॉलमार्किंग शुल्क वजन के हिसाब से नहीं, बल्कि प्रति आभूषण (प्रति पीस) के आधार पर तय होता है। यानी आभूषण चाहे 1 ग्राम की अंगूठी हो, नोज पिन हो या फिर भारी हार, शुल्क सब पर बराबर (88.50 रुपये) ही लगेगा।

ऐसे में कम वजन वाले छोटे आभूषण खरीदने वालों के लिए प्रति ग्राम के हिसाब से यह लागत काफी भारी पड़ेगी। धनतेरस और दिवाली पर हल्के गहने उपहार में देने या खरीदने की सोच रहे मध्यम वर्ग के बजट पर इसका सबसे गहरा असर देखने को मिलेगा।

Location :  New Delhi

Published :  21 September 2026, 7:59 AM IST

Advertisement