हिंदी
सासाराम स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग (Img- Internet)
Rohtas: बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन से एक बड़ी और डराने वाली खबर सामने आई है। यहाँ सासाराम से पटना जाने के लिए प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर खड़ी 'सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर' ट्रेन के एक कोच में अचानक भीषण आग लग गई। ट्रेन अभी रवाना होने ही वाली थी कि तभी बोगी से धुएं के साथ तेज लपटें उठने लगीं।
ट्रेन में आग लगते ही उसमें सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अपनी जान बचाने के लिए यात्री आनन-फानन में खिड़कियों और दरवाजों से नीचे कूदने लगे। गनीमत यह रही कि समय रहते सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए और इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय दमकल विभाग की गाड़ियां और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने ट्रेन की बोगी में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, बोगी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। हालांकि, आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के असली कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही रेलवे द्वारा इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।
इस हादसे ने रेलवे की सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टेशन पर अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण शुरुआती वक्त में आग पर काबू नहीं पाया जा सका। अगर रेलवे के पास पुख्ता इंतजाम होते, तो नुकसान को बहुत कम किया जा सकता था।
Bihar IAS Transfer: कौन हैं कानपुर से पढ़ाई करने वाले IAS कुमार रवि जिन्हें मिली बड़ी जिम्मेदारी
स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रबंधन की पोल खोलते हुए बताया कि ट्रेनों में पानी रिफिलिंग के लिए स्टेशन पर बिछाई गई पाइपलाइन पूरी तरह सूखी थी और उसमें पानी उपलब्ध नहीं था। इतना ही नहीं, जब आपातकाल में स्टेशन पर रखे अग्निशमन सिलेंडरों (Fire Extinguishers) का इस्तेमाल करने की कोशिश की गई, तो पता चला कि कई सिलेंडरों में गैस ही नहीं थी। इस भारी लापरवाही के कारण रेलकर्मियों को शुरुआती दौर में आग बुझाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
Location : Rohtas
Published : 18 May 2026, 8:25 AM IST