हिंदी
सम्राट चौधरी बने बिहार के नए सीएम (Img: Dynamite News)
Patna: लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए सम्राट चौधरी को आज बिहार का नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया है। सम्राट चौधरी को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपेंद्र कुशवाहा ने बधाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, नयी जवाबदेही के लिए सम्राट चौधरी को बहुत-बहुत बधाई और ढ़ेरों शुभकामनाएं। सम्राट चौधरी का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोकभवन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों के शामिल होंगी।
नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद से ही बिहार में मुख्यमंत्री के नए चेहरे की तलाश हो रही थी। कई नाम सामने आए, लेकिन अंततः सम्राट चौधरी पर मुहर लगी। नीतीश कुमार ने आज लोकभवन में जाकर राज्यपाल को मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपा और मंत्रीमंडल को भंग करने की सिफारिश की।
सम्राट चौधरी बीजेपी विधायक दल के नेता चुने गए, वे नीतीश कुमार के बाद बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे।@samrat4bjp @BJP4India #BiharPolitics #SamratChaudhary #BJP #CMAnnouncement pic.twitter.com/nG8NNTHONE
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 14, 2026
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद भाजपा विधायकों की बैठक भाजपा कार्यलय में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की देखरेख में हुई। जिसमें सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।
नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा
सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प रहा है। 16 नवंबर 1968 को जन्मे सम्राट चौधरी एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता शकुनी चौधरी राज्य के जाने-माने समाजवादी नेता रहे हैं। यही कारण है कि सम्राट को राजनीति विरासत में मिली। उन्होंने अपने पिता के मार्गदर्शन में ही राजनीति की शुरुआती शिक्षा ली।
हालांकि, सम्राट चौधरी का राजनीतिक करियर कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से की थी, जहां उन्होंने राजनीति के मूलभूत सिद्धांत सीखे। बाद में वे जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल हुए और मंत्री पद भी संभाला। 2014 में जीतन राम मांझी की सरकार में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामा और धीरे-धीरे पार्टी में अपनी मजबूत पकड़ बनाई।
सम्राट चौधरी अब बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। खास बात यह है कि वे उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं जो पहले उपमुख्यमंत्री रहे और बाद में मुख्यमंत्री बने। इससे पहले यह उपलब्धि केवल कर्पूरी ठाकुर के नाम थी। इस तरह उन्होंने एक राजनीतिक मिथक को भी तोड़ दिया है।
सम्राट चौधरी की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही। उनकी पत्नी ममता कुमारी पेशे से वकील हैं और उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है।
सम्राट चौधरी की संपत्ति की बात करें तो उनके पास कुल मिलाकर करीब 11.34 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जिसमें चल और अचल दोनों शामिल हैं। खास बात यह है कि इतनी संपत्ति होने के बावजूद उन पर किसी प्रकार का कर्ज नहीं है।
Location : Patna
Published : 14 April 2026, 3:59 PM IST