हिंदी
बिहार में बड़ा सियासी बदलाव (Img- Internet)
Patna: बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज (मंगलवार) अपने पद से इस्तीफा देगें। इसके बाद 15 अप्रैल (बुधवार) को राज्य में नई सरकार के गठन की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि नई सरकार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ही होगी, लेकिन मुख्यमंत्री का चेहरा अभी तक स्पष्ट नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, एनडीए में नए मुख्यमंत्री को लेकर मंथन अंतिम चरण में है। भाजपा और सहयोगी दलों के बीच नाम को लेकर सहमति बनाने की कोशिशें जारी हैं। हालांकि अभी तक किसी भी आधिकारिक नाम की घोषणा नहीं की गई है, जिससे राजनीतिक अनिश्चितता बनी हुई है।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ बताया है। बिहार कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने आरोप लगाया कि यह कदम लोकतंत्र और संविधान की भावना के खिलाफ है।
राजेश राठौड़ ने कहा कि आज अंबेडकर जयंती के दिन ही बिहार में जो राजनीतिक घटनाक्रम हो रहा है, वह संविधान की भावना के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक रूप से चुने गए मुख्यमंत्री को हटाया जा रहा है और एक नया चेहरा थोपा जा रहा है।
कौन बनेगा बिहार का अगला CM? सम्राट के रहते बैठक से बढ़ा सस्पेंस…
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के प्रभाव में लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया हो रही है, वह लोकतंत्र की मूल भावना पर सवाल खड़े करती है।
14 अप्रैल, यानी अंबेडकर जयंती के दिन यह सियासी घटनाक्रम और भी संवेदनशील बन गया है। कांग्रेस ने इसे प्रतीकात्मक रूप से जोड़ते हुए कहा कि यह दिन संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों के विपरीत संदेश देता है।
बिहार में सत्ता परिवर्तन की खबरों के बीच राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। सत्तापक्ष जहां इसे संगठनात्मक निर्णय बता रहा है, वहीं विपक्ष इसे लोकतंत्र पर हमला करार दे रहा है। आम जनता के बीच भी नई सरकार और नए मुख्यमंत्री को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
नीतीश कुमार ने ली राज्यसभा सदस्य की शपथ; बिहार को मिलेगा नया मुख्यमंत्री
15 अप्रैल को नई सरकार के गठन की संभावना के साथ सभी की नजरें एनडीए के फैसले पर टिकी हैं। आने वाले समय में यह स्पष्ट होगा कि बिहार का नया मुख्यमंत्री कौन होगा और राज्य की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ेगी।
Location : Patna
Published : 14 April 2026, 10:39 AM IST