हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- Pinterest)
Aurangabad: बिहार के औरंगाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ खुशियों का माहौल एक पल में गम में बदल गया। कुटुंबा थाना क्षेत्र के मुड़िला गांव के रहने वाले गृहस्वामी अजय कुमार सिंह अपनी पत्नी अंजना सिंह का जन्मदिन मनाने के लिए परिवार के साथ बोकारो गए हुए थे। लेकिन जब सोमवार देर रात यह परिवार वापस लौटा, तो अपने ही घर के मुहाने पर बर्बादी का मंजर देखकर स्तब्ध रह गया। बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 20 से 22 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
22 सितंबर को अजय सिंह अपने घर में ताला लगाकर बोकारो रवाना हुए थे। 24 सितंबर को जन्मदिन का जश्न मनाने के बाद जब वे वापस मुड़िला पहुंचे, तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर की चारदीवारी के अंदर कपड़े और अन्य कीमती सामान बिखरे पड़े थे। अलमारी का लॉक तोड़कर चोरों ने उसमें रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 2 लाख रुपये नगद चुरा लिए। यही नहीं, महंगे कपड़े और कई इलेक्ट्रॉनिक सामान भी गायब थे।
बिहार शराबबंदी के बाद नशीली सिरप की बढ़ी मांग: यूपी से लेकर झारखंड और एमपी तक फैला था काला कारोबार
इस वारदात का सबसे हैरान करने वाला पहलू चोरों का उग्र रवैया रहा। सिर्फ चोरी से ही उनका पेट नहीं भरा, बल्कि जाते-जाते उन्होंने घर के भीतर जमकर उत्पाद मचाया। जब चोर दीवार पर लगी बड़ी एलईडी टीवी को उखाड़कर ले जाने में नाकाम रहे, तो उन्होंने उसे हथौड़े या भारी हथियार से तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा साउंड सिस्टम, पंखे और अन्य कीमती उपकरणों को भी पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कुटुंबा थाना के अध्यक्ष चंद्रहास सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गृहस्वामी के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम को मुआयने के लिए बुलाया गया। पुलिस आसपास के लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है।
मुड़िला गांव के निवासियों का कहना है कि इलाके में चोरी का यह कोई पहला मामला नहीं है। महज 24 दिन पहले गांव के तीन प्रमुख मंदिरों से पीतल की घंटियां चोरी हो चुकी हैं और खेतों में लगे सिंचाई मोटर भी गायब हो चुके हैं। मंदिर में हुई चोरी के बाद पुलिस ने दो होमगार्ड जवानों को तैनात किया था, लेकिन जवानों को हटाते ही चोरों ने फिर बड़ा कांड कर दिया। ग्रामीणों ने अब क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Location : Aurangabad
Published : 29 September 2026, 12:40 PM IST