हिंदी
शपथ लेती हुई JDU MLA विभा देवी
Patna: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बाद सोमवार को शुरू हुए 18वें विधानसभा सत्र के पहले दिन एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया। यह वीडियो JDU विधायक विभा देवी यादव का है, जिसमें वे अपनी शपथ को पढ़ने में काफी संघर्ष करती दिखाई देती हैं। जैसे-तैसे पास बैठी विधायक मनोरमा देवी की मदद से उन्होंने शपथ पूरी की, लेकिन यह दृश्य कैमरों में कैद होकर इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया।
प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव के नेतृत्व में जब नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जा रही थी, उसी दौरान विभा देवी की बारी आई। शपथ पत्र में लिखे शब्दों को पढ़ते हुए वे कई बार अटक गईं। इसके बाद मदद के लिए उन्होंने पास खड़ी JDU विधायक मनोरमा देवी की ओर रुख किया। मनोरमा देवी ने धीरे-धीरे पढ़कर सुनाया और विभा देवी ने उसे दोहराकर शपथ पूरी की।
इसी दौरान अन्य विधायक शांत बैठे रहे, जबकि सदन में मौजूद कई लोग इस दृश्य को देखकर हैरान रह गए। वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही इस पर बहस तेज हो गई। कुछ इसे ‘असहज पल’ बताते रहे, तो कुछ ने इसे जनता के प्रतिनिधियों की तैयारी पर सवाल के तौर पर उठाया।
प्रेम कुमार बिहार विधानसभा अध्यक्ष बने, जेडीयू मंत्री विजय चौधरी ने की पुष्टि
सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों के बीच लोगों ने यह जानने में रुचि दिखाई कि आखिर विभा देवी हैं कौन? 59 वर्षीय विभा देवी यादव, नवादा की एक जानी-मानी राजनीतिक हस्ती हैं। वे पूर्व आरजेडी विधायक राज बल्लभ यादव की पत्नी हैं, जो वर्तमान में जेल में सजा काट रहे हैं। 2020 में उन्होंने आरजेडी के टिकट पर नवादा सीट से जीत हासिल की थी। चुनावों से ठीक पहले उन्होंने आरजेडी छोड़कर जेडीयू का दामन थामा और 2025 विधानसभा चुनाव में फिर से नवादा से जीत दर्ज की। इस बार भी उन्होंने आरजेडी प्रत्याशी कौशल यादव को 43.39 प्रतिशत वोट हासिल कर मात दी।
विभा देवी 2019 लोकसभा चुनाव में भी नवादा से आरजेडी के टिकट पर मैदान में उतरी थीं, हालांकि तब वे एलजेपी के चंदन सिंह से हार गई थीं। उनकी संपत्ति भी चर्चा में रही है। बताया जाता है कि उनके पास कुल 31 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है, जिसमें से 17.4 करोड़ चल संपत्ति और 13.6 करोड़ अचल संपत्ति है।
सत्र के पहले दिन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित कई विधायकों ने शपथ ली। लेकिन जिस एक शपथ ने सबसे अधिक सुर्खियाँ बटोरीं, वह थी विभा देवी की। हालांकि बाद में जेडीयू नेताओं ने कहा कि “ऐसा किसी के साथ भी हो सकता है” और इसे अनावश्यक विवाद बताने की कोशिश की, लेकिन जनता की नज़र में यह वीडियो लगातार चर्चा में बना हुआ है।
Location : Patna
Published : 2 December 2025, 2:48 PM IST
Topics : JDU MLA Vibha Devi Nititsh Kumar Oath Taking Viral video