हिंदी
सीसीटीवी फुटेज से भड़का विवाद (Img- X)
Guna: मध्य प्रदेश के गुना जिले के जामनेर कस्बे में एक बार फिर कानून-व्यवस्था और भीड़तंत्र के बीच की रेखा धुंधली होती नजर आई। रास्ता साफ करने की एक मामूली सी कोशिश ने ऐसा तूल पकड़ा कि एक बुजुर्ग कारीगर को बीच सड़क पर झुककर गाय के सामने नाक रगड़ने पर मजबूर कर दिया गया। यह घटना न केवल भीड़ के बढ़ते दुस्साहस को उजागर करती है, बल्कि खाकी की भूमिका पर भी बड़े सवाल खड़े कर रही है।
कैंट गुना के रहने वाले जमीलउद्दीन शटर लगाने का काम करते हैं। वे पिकअप वाहन से सामान लेकर जामनेर में एक ग्राहक के यहां पहुंचे थे। सामान उतारते समय रास्ते में एक गाय आ खड़ी हुई। गाड़ी निकालने और रास्ता खाली कराने के मकसद से जमीलउद्दीन ने गाय को पैर मार दिया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आते ही कुछ स्थानीय लोग और दक्षिणपंथी संगठनों के कार्यकर्ता उग्र हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने जमीलउद्दीन को कुछ समय के लिए अपने घर में सुरक्षित रखा। लेकिन कार्यकर्ताओं के बढ़ते दबाव के आगे माहौल गर्मा गया। इसके बाद बुजुर्ग को गाय के सामने नतमस्तक होकर और जमीन पर नाक रगड़कर माफी मांगनी पड़ी। इस पूरी अपमानजनक घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
मध्यप्रदेश के जामनेर मे एक मुस्लिम टोपी पहने व्यक्ति को हिंदूवादी संगठन बजरंग दल द्वारा गाय के सामने दंडवत लेटा कर माफ़ी मांगवाई और गाय के पैर छूने पर मज़बूर किया , जामनेर गुना जिले मे एक पंचायती गाँव है ,
क्या यही मुसलमानो क़ी इज़्ज़त है हमारे देश मे ? pic.twitter.com/fhf9Z6NqBF
— Nargis Bano (@Nargis_Bano78) September 9, 2026
मिर्जापुर में युवक को जंगल ले जाकर पीटा, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने खोली पूरी कहानी; 4 गिरफ्तार
इस पूरे वाकये में सबसे हैरान करने वाला मोड़ तब आया जब पीड़ित जमीलउद्दीन ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। बुजुर्ग का आरोप है कि वे जब जामनेर थाने शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तो पुलिस ने उल्टे उन्हीं पर दबाव बनाया और लिखवा लिया कि वे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। जमीलउद्दीन अब इस पूरे घटनाक्रम और पुलिस के ढुलमुल रवैये की शिकायत पुलिस अधीक्षक (SP) से करने की तैयारी में हैं।
दूसरी तरफ, जामनेर थाना प्रभारी मनोज मेहरा ने पुलिस पर लगे आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि मौके पर पूछताछ के बाद बुजुर्ग ने खुद गाय से माफी मांगी थी। पुलिस का तर्क है कि फिलहाल किसी भी पक्ष से लिखित शिकायत नहीं मिली है, इसलिए प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
Location : Guna
Published : 12 September 2026, 3:11 PM IST