हिंदी
दूध का भाव सुन दंग रह गया देसी दूधवाला (Img- Internet)
Patna: सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों एक बेहद दिलचस्प वीडियो तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है। इस वायरल क्लिप में अमेरिका के लॉस एंजिल्स में 'चायगाई' (Chaiguy) के नाम से मशहूर भारतीय उद्यमी प्रभाकर प्रसाद बिहार में अपने स्थानीय दूधवाले भैया से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस बातचीत के दौरान जब प्रभाकर ने अपने दूधवाले को बताया कि कैलिफोर्निया में एक लीटर दूध की कीमत करीब 450 रुपये है, तो दूधवाले का रिएक्शन देखने लायक था। दोनों के बीच की यह मजेदार और बेबाक बातचीत इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत रही है।
बातचीत का सिलसिला यहीं नहीं रुका। जब प्रभाकर ने आगे बताया कि वह इसी महंगे दूध का इस्तेमाल करके अमेरिका में चाय बनाते हैं, तो दूधवाले की उत्सुकता और बढ़ गई। उसने तपाक से पूछ लिया कि वहां एक कप चाय कितने की बिकती है? प्रभाकर ने जैसे ही जवाब दिया कि '10 डॉलर यानी करीब 900 रुपये की एक कप चाय', तो दूधवाले भैया का दिमाग चकरा गया।
लेकिन हैरान होने के तुरंत बाद दूधवाले ने प्रभाकर को एक मजेदार और कमाल का बिजनेस आइडिया दे डाला। उसने पूछा कि क्या किसी तरह उसका दूध अमेरिका एक्सपोर्ट हो सकता है? दूध खराब न हो, इसके लिए उसने रास्ते में बड़े-बड़े फ्रीजर इस्तेमाल करने जैसी जुगाड़ू सलाह भी दे दी, जिसे सुन प्रभाकर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
बिहार के एक छोटे से कस्बे से निकलकर सात समंदर पार लॉस एंजिल्स में अपनी पहचान बनाने वाले प्रभाकर प्रसाद की कहानी बेहद प्रेरणादायक है। प्रभाकर पढ़ाई में हमेशा से अव्वल थे। उन्होंने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक IIT पास की और फिर बाद में MBA की पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए। कॉर्पोरेट जगत की चकाचौंध में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन मंदी और अन्य कारणों से उन्हें कई बार नौकरी से हाथ धोना पड़ा। एक वक्त ऐसा भी आया जब बार-बार नौकरी जाने और निजी जीवन में ब्रेकअप के कारण उनका स्वास्थ्य बेहद खराब हो गया।
इस मुश्किल दौर में एक दोस्त की सलाह प्रभाकर के जीवन का टर्निंग पॉइंट साबित हुई और उन्होंने अमेरिका में चाय बेचना शुरू किया। आज वे ‘चायगाई’ के नाम से सोशल मीडिया और बिजनेस की दुनिया में एक बड़ा नाम बन चुके हैं। अपने सफर को याद करते हुए प्रभाकर कहते हैं कि कॉर्पोरेट की नौकरी में पैसा तो बहुत था, पर सुकून और आजादी गायब थी। आज भले ही पैसा उतना न हो, लेकिन वे अपनी मर्जी के मालिक हैं और किसी कंपनी के गुलाम नहीं हैं।
60 रुपये बनाम 350 रुपये: मुंबई के शख्स ने अर्बन कंपनी के बजाय लोकल नाई से कटवाए बाल, पोस्ट हुई वायरल
इस वीडियो के वायरल होते ही नेटिजन्स दिल खोलकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हर कोई दूधवाले की सादगी और उसके तुरंत बिजनेस प्लान (एंटीप्रेन्योर माइंडसेट) तैयार कर लेने की कला की तारीफ कर रहा है। एक यूजर ने लिखा, "दूधवाले भैया की आंखों में सीखने और आगे बढ़ने की जो ललक है, वो सच में कमाल की है।" वहीं लोग प्रभाकर के संघर्ष और उनकी इस सादगी भरे अंदाज को भी खूब सराह रहे हैं।
Location : Patna
Published : 17 June 2026, 3:06 PM IST