हिंदी
उत्तरकाशी में रेस्क्यू जारी (Img- Facebook)
Uttarkashi: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और खराब मौसम के चलते फंसे पर्वतारोहियों व ट्रेकर्स की सुरक्षित वापसी के लिए बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।
सोमवार को मौसम के अचानक मिजाज बदलने से रोके गए हेली रेस्क्यू ऑपरेशन को मंगलवार सुबह से फिर से शुरू कर दिया गया। पहाड़ियों पर अभी भी 96 पर्वतारोही और ट्रेकर्स फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित नीचे लाने के लिए रेस्क्यू टीमें जी-तोड़ कोशिश कर रही हैं।
बीते सोमवार को चलाए गए शुरुआती अभियान के दौरान रेस्क्यू टीमों ने काफी मशक्कत के बाद 40 ट्रेकर्स को सकुशल एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था। हालांकि, दोपहर 2 बजे के बाद अचानक मौसम का रुख बिगड़ने, घने बादल छाने और दृश्यता (विजिबिलिटी) घटने के कारण हेलीकॉप्टर सेवाओं को एहतियातन रोकना पड़ा था। इस वजह से 96 ट्रेकर्स को पूरी रात बर्फीली वादियों में ही बितानी पड़ी थी।
मंगलवार की सुबह मौसम खुलते ही हर्षिल हेलीपैड पर हलचल तेज हो गई। अपर जिलाधिकारी (एडीएम) मुक्ता मिश्र की मौजूदगी में जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, सेना और हेलीकॉप्टर पायलटों के बीच एक हाई-लेवल बैठक हुई। इस दौरान इलाके के नक्शे और मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए पूरे मिशन का रोडमैप तैयार किया गया, जिसके तुरंत बाद हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वय से चलाया जा रहा यह महा-रेस्क्यू अभियान पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अगर मौसम ने साथ दिया, तो आज शाम तक सभी 96 फंसे हुए ट्रेकर्स को सुरक्षित नीचे उतार लिया जाएगा। नीचे हर्षिल में डॉक्टरों और एम्बुलेंस की विशेष टीमें तैनात रखी गई हैं ताकि लैंड होते ही ट्रेकर्स का तत्काल प्राथमिक उपचार किया जा सके।
Location : Uttarkashi
Published : 29 September 2026, 9:57 AM IST
Topics : Harsil Helipad rescue operation Uttarakhand News Uttarkashi Rescue Operation Uttarkashi News