Uttarkashi Helicopter Crash: उत्तरकाशी में हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 की मौत, 1 गंभीर

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गुरुवार सुबह गंगनानी से आगे नाग मंदिर के पास एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Jaya Pandey
Updated : 8 May 2025, 10:24 AM IST
google-preferred

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण हवाई हादसा हो गया। गंगनानी से आगे नाग मंदिर के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। मिली जानकारी के मुताबिक हेलीकॉप्टर में 5 से 6 लोग सवार थे।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार, हेलीकॉप्टर काफी ऊंचाई से अचानक असंतुलित होकर नीचे गिरा और नाग मंदिर के ठीक नीचे घने जंगलों में जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि हेलीकॉप्टर के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, 108 एम्बुलेंस सेवा, पुलिस, आर्मी और राजस्व विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।

जानकारी के अनुसार हेलिकॉप्टर में पायलट सहित सात लोग सवार थे, जिनमें छह यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक यात्री घायल हैं। सवार चार यात्री मुंबई और दो आंध्रप्रदेश के थे। हेलिकॉप्टर एयरोट्रांस कंपनी का था, जिसने आज सुबह सहस्त्रधारा हेलीपैड से हर्षिल के लिए उड़ान भरी थी।

मृतकों की पहचान निम्न के रूप में हुई है-

1. काला सोनी (एफ) 61, मुंबई
2. विजया रेड्डी (एफ) 57, मुंबई
3. रुचि अग्रवाल (एफ) 56, मुंबई
4. राधा अग्रवाल (एफ) 79, यूपी
5. वेदवती कुमारी 48, एपी(एफ) आंध्र प्रदेश।
6. रॉबिन सिंह (एम) 60, गुजरात - पायलट।

घायल की पहचान मस्तू भास्कर (एम) 51, एपी के रूप में हुई है।

बता दें, कि उत्तराखंड में इन दिनों चारधाम यात्रा चल रही है। केदारनाथ, बदरीनाथ और गंगोत्री-यमुनोत्री जाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। कुछ पैदल यात्रा पर निकले हैं तो कई लोग हेली सेवा से पहुंच रहे हैं।

राहत व बचाव कार्य जारी

इस घटना के बाद राहत व बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। घायलों को रेस्क्यू कर प्राथमिक उपचार के लिए निकटतम अस्पताल भेजा जा रहा है। अभी तक घायलों की स्थिति और उनके नामों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि यह हेलीकॉप्टर संभवतः चारधाम यात्रा या सीमावर्ती क्षेत्र में लॉजिस्टिक सपोर्ट के लिए इस्तेमाल हो रहा था। जिसके बाद इतना बड़ा हादसा हुआ जिसका किसी को अंदाजा नहीं था।

क्रैश के कारणों की जांच

उत्तराखंड सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। जिलाधिकारी उत्तरकाशी ने बताया कि क्रैश के कारणों की जांच की जा रही है और DGCA को भी जानकारी दे दी गई है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जाए।

हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं की संख्या में इजाफा

इस घटना ने चारधाम यात्रा के दौरान हवाई सेवाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं की संख्या में इजाफा हुआ है, जिससे यात्रियों की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। फिलहाल मौके पर भारी संख्या में बचाव दल और प्रशासनिक टीमें तैनात हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

यह हादसा चारधाम यात्रा की हवाई सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा का सहारा लेकर तीर्थ यात्रा करते हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं न केवल यात्रियों की जान को खतरे में डालती हैं, बल्कि सुरक्षा मानकों की पोल भी खोलती हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस हादसे की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी है, जो तकनीकी और मानव त्रुटियों की विस्तृत जांच करेगी।

Location : 

Published :