हिंदी
अल्ट्रा पुअर योजना ने विजयेश्वरी देवी की जिंदगी बदली
Rudraprayag: रुद्रप्रयाग जनपद के ब्लॉक जखोली के ग्राम जखनोली की निवासी विजयेश्वरी देवी ने ग्रामोत्थान परियोजना की अल्ट्रा पुअर योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल प्रस्तुत की है। आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े वर्ग की महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही इस योजना के तहत विजयेश्वरी देवी को ₹35,000 की ब्याज-मुक्त सहायता राशि प्रदान की गई।
प्राप्त सहयोग राशि का विवेकपूर्ण उपयोग करते हुए विजयेश्वरी देवी ने सिलाई मशीन, धागे और सिलाई से संबंधित अन्य आवश्यक सामग्री खरीदी। धीरे-धीरे उन्होंने अपने घर पर ही सिलाई कार्य शुरू किया और अब वह अपने गांव में सूट, लेडीज़ परिधान व अन्य वस्त्रों की सिलाई करके अच्छी आय अर्जित कर रही हैं।
उनके कार्य की गुणवत्ता और मेहनत ने उन्हें गांव में एक विश्वसनीय सिलाई कारीगर के रूप में पहचान दिलाई है। इससे न सिर्फ उनका आत्मविश्वास बढ़ा है बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ हुई है।
कांपा उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग में भूकंप का बड़ा झटका, जानें कैसे है अब हालात?
अपने व्यक्तिगत विकास तक सीमित न रहते हुए विजयेश्वरी देवी ने गांव की अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने का बीड़ा उठाया। उन्होंने स्थानीय महिलाओं को निःशुल्क या न्यून शुल्क पर सिलाई प्रशिक्षण देना शुरू किया है। उनकी इस पहल से जखनोली व आसपास के क्षेत्रों में कई महिलाएं प्रेरित हो रही हैं और आर्थिक स्वतंत्रता की ओर कदम बढ़ा रही हैं। यह कदम ग्रामीण समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण बन रहा है।
रुद्रप्रयाग के मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने विजयेश्वरी देवी की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि जिले में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई विशेष योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने कहा-“अल्ट्रा पुअर योजना जैसे प्रयास महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।”
सीडीओ ने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं तक इन योजनाओं का लाभ पहुँचाना है, ताकि वे परंपरागत सीमाओं से निकलकर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकें।
विजयेश्वरी देवी की कहानी यह दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन, थोड़ी सी सहायता और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर कोई भी महिला अपने जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है। अल्ट्रा पुअर योजना ने न सिर्फ उनके जीवन को बदला बल्कि पूरे गांव के लिए एक प्रेरणा का स्रोत भी बन गई हैं।
Location : Rudraprayag
Published : 25 November 2025, 6:24 PM IST