हिंदी
दिव्यांका त्रिपाठी और करण पटेल ने स्टार परिवार अवॉर्ड्स में साथ परफॉर्म कर फैंस में ‘ये है मोहब्बतें 2’ की उम्मीद जगा दी हैं। फैंस बेसब्री से दोनों को वापस पर्दे पर देखने के लिए बेताब हैं। करण के “सीजन 2 हो जाए?” वाले पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हलचल बढ़ा दी है।
दिव्यांका त्रिपाठी और करण पटेल (Img: Google)
Mumbai: स्टार प्लस के सुपरहिट शो ‘ये है मोहब्बतें’ के प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। शो की मशहूर जोड़ी दिव्यांका त्रिपाठी और करण पटेल ने लंबे समय बाद एक बार फिर साथ स्टेज शेयर किया, जिससे सोशल मीडिया पर सीजन 2 की संभावनाएं तेज हो गई हैं। यह वीडियो स्टार परिवार अवॉर्ड्स 2025 के दौरान का है, जिसे दिव्यांका ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया। वीडियो में दोनों की पुरानी केमिस्ट्री साफ झलकती है और फैंस का उत्साह चरम पर है।
दिव्यांका संग अपना वीडियो साझा करते हुए करण पटेल ने लिखा, “ये है मोहब्बतें सीजन 2 हो जाए??” इसके साथ उन्होंने कहा कि यह शो हर परिवार और हर रिश्ते की कहानी से जुड़ता है, यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। दिव्यांका ने भी करण की पोस्ट को रीशेयर करते हुए लिखा कि “मैं तो कब से तैयार हूं तैयार.” बस, इतना कहना था कि सोशल मीडिया पर #YHM2 की चर्चाएं शुरू हो गईं और फैंस इस आईकॉनिक जोड़ी की वापसी की मांग करने लगे।
अवॉर्ड शो की परफॉर्मेंस का एक और वीडियो दिव्यांका ने पोस्ट किया, जिसमें वह और करण कई गानों पर परफॉर्म करते नजर आए। दिव्यांका ने हंसते हुए लिखा, “एक में कई गाने फिट करने की कोशिश की… स्टेप्स थोड़े अजीब लग सकते हैं… लेकिन केमिस्ट्री ज़बरदस्त है।” फैंस ने कमेंट सेक्शन में साफ कहा कि यह जोड़ी अब भी उतनी ही मैजिकल है और इसे फिर टीवी पर देखने का वक्त आ गया है।
2013 में शुरू हुआ यह शो 6 साल तक टीवी पर राज करता रहा। दिव्यांका के इशिता और करण के रमन के किरदार ने लोगों के दिलों में ऐसी जगह बनाई कि शो खत्म होने के सालों बाद भी फैन बेस उतना ही मजबूत है। दोनों ने कई अवॉर्ड्स जीते और उनकी केमिस्ट्री टीवी की सबसे प्यारी जोड़ियों में गिनी जाती है।
एक्टर करण पटेल आखिरी बार 2023 में फिल्म ‘डरन छू’ में नजर आए थे। उनके साथ प्रगति आनंद, मनोज जोशी और अमित दोलावत भी थे। जबकि, दिव्यांका त्रिपाठी नवंबर 2024 में जियोसिनेमा की टीवी सीरीज ‘द मैजिक ऑफ शिरी’ में नजर आईं थी। जिसमें जावेद जाफरी, नमित दास और दर्शन जरीवाला के साथ उनके काम को काफी सराहा गया।
अभी तक चैनल या प्रोडक्शन हाउस की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन करण के बयान और दिव्यांका की उत्सुकता ने फैंस के दिलों में उम्मीद जगा दी है कि शायद जल्द ही इशिता और रमन की कहानी फिर से शुरू हो सकती है।
No related posts found.