

टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा के दूसरे जत्थे में 13 राज्यों के 48 यात्री रवाना हुए, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी भी शामिल रहीं। यहां पढ़ें पूरी खबर
कैलाश मानसरोवर का दूसरा जत्था रवाना
Champawat: उत्तराखंड के चंपावत जनपद के टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा के दूसरे जत्थे को बुधवार को रवाना किया गया। इस दल में देश के 13 राज्यों से आए कुल 48 श्रद्धालु शामिल हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय के नोडल अधिकारी कैदार सिंह ब्रजवाल और विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने हरी झंडी दिखाकर आगे की यात्रा के लिए रवाना किया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार यह जत्था लोहाघाट होते हुए धारचूला पहुंचेगा और फिर गुंजी के रास्ते पवित्र कैलाश मानसरोवर की ओर प्रस्थान करेगा। 48 यात्रियों में 34 पुरुष और 14 महिलाएं शामिल हैं। खास बात यह है कि इस दल में भाजपा नेत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी भी शामिल हैं, जिनके शामिल होने से यात्रा को विशेष महत्व मिल रहा है।
श्रद्धालुओं में दिखा भारी उत्साह
यात्रियों में यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा गया। उन्होंने यात्रा की सुविधा, सुरक्षा और सुगम मार्गदर्शन के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार प्रकट किया। कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है और यात्रा की सफल व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
चंपावत: देश के 13 राज्यों से टनकपुर पहुंचा कैलाश मानसरोवर यात्रियों का दूसरा जत्था, पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी भी रहीं शामिल, देखिये यात्रा व्यवस्थाओं पर क्या बोलीं मीनाक्षी लेखी#Uttarakhand #kailashmansarovaryatra #Tanakpur @M_Lekhi pic.twitter.com/LQqNswgdKV
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 9, 2025
शनिवार को हुआ पहला जत्था रवाना
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कैलाश मानसरोवर यात्रा 2025 का पहला जत्था शनिवार सुबह चंपावत जिले के टनकपुर टीआरसी से रवाना हुआ। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस जत्थे को हरी झंडी दिखाकर अगले पड़ाव के लिए रवाना किया। इससे पहले शुक्रवार शाम को सीएम धामी ने टनकपुर पहुंचकर यात्रियों का स्वागत किया और उनसे संवाद कर यात्रा सुविधाओं की जानकारी ली।
यही नहीं सीएम ने यात्रियों को सरल, सुलभ और सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की। यह यात्रा करीब पांच साल बाद शुरू हुई है, जिसके लिए यात्री काफी उत्साहित है। वहीं आज दूसरा जत्था भी रवाना हो गया है, इस दौरान तीर्थयात्रियों ने हर हर महादेव के जयकारे लगाए। साथ ही उनके चेहरे में खुशी की चमक भी नजर आई।