

रुद्रप्रयाग नगर पालिका कार्यालय के पास सीढ़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामला संदिग्ध माना जा रहा है। यहां जानिये क्या है पूरा मामला
सीढ़ियों में मिली लाश से फैली सनसनी
Rudraprayag: रुद्रप्रयाग नगर में उस समय हड़कंप मच गया जब नगर पालिका कार्यालय के पास घाट को जाने वाली सुनसान सीढ़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। यह स्थान आमतौर पर सुनसान रहता है और लोगों की आवाजाही बेहद कम होती है।
शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना सोमवार देर रात की है। मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव की स्थिति और शरीर पर मौजूद चोटों को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि व्यक्ति संभवतः गिरा हो सकता है। हालांकि, पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और हत्या सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
त्योहारों से पहले रुद्रप्रयाग में प्रशासन हुआ सख्त, खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, देखें वीडियो
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि यह पता चल सके कि मृतक वहां कैसे पहुंचा और उसके साथ कोई और व्यक्ति था या नहीं।
पुलिस को मृतक की जेब से नेपाली तंबाकू की एक पुड़िया बरामद हुई है, जिससे यह संदेह किया जा रहा है कि मृतक नेपाली मूल का हो सकता है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का सही कारण और मृतक की पहचान की पुष्टि हो सकेगी।
रुद्रप्रयाग थाना
कोतवाल मनोज नेगी ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शरीर पर चोट के निशान हैं, लेकिन यह कहना जल्दबाजी होगी कि मौत कैसे हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
रुद्रप्रयाग में हुआ कुछ ऐसा, जिससे बदल सकती है आपदा प्रबंधन की दिशा!
शव मिलने के बाद से आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ाई जाए और सीढ़ियों जैसे सुनसान स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था व निगरानी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब मृतक की पहचान और उसकी पृष्ठभूमि का पता लगाने में जुटी है। क्षेत्रीय थानों में लापता लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है। यदि मृतक नेपाली नागरिक हुआ तो नेपाल के संबंधित अधिकारियों से भी संपर्क किया जा सकता है।