

नैनीताल में आगामी 22 सितंबर से रामलीला मंचन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। छोटे-छोटे बच्चे भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, रावण सहित विभिन्न पात्रों की रिहर्सल कर रहे हैं। आयोजन समिति पिछले 50 वर्षों से इस परंपरा को निभा रही है।
रामलीला की रिहर्सल
Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल की वादियों में फिर गूंजने लगी है धर्म और संस्कृति की स्वर-लहरियाँ। आगामी 22 सितंबर से आरंभ होने वाली रामलीला के मंचन के लिए सरोवर नगरी नैनीताल में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार की रामलीला में खास बात यह है कि छोटे-छोटे बच्चे बड़े-बड़े पात्रों की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
नैनीताल में श्री राम सेवक सभा मल्लीताल, आदर्श कमेटी सूखाताल, तल्लीताल रामलीला कमेटी और नव सांस्कृतिक सत्संग समिति शेर का डांडा जैसे संगठन इस आयोजन को भव्य रूप देने में लगे हुए हैं। सभी समितियों में रिहर्सल का दौर जोरों पर है।
प्रत्येक अभ्यास सत्र की शुरुआत भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण द्वारा माता सरस्वती की स्तुति से की जाती है, जिसके बाद संवाद और अभिनय का अभ्यास शुरू होता है।
धार्मिक मंच पर अश्लीलता! रामलीला मंच पर अश्लील नृत्य का वीडियो वायरल, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
समिति अध्यक्ष खुशाल सिंह रावत ने जानकारी दी कि वे 1972 से निरंतर रामलीला मंचन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि लगभग दो माह पूर्व से ही बच्चों को अभिनय की प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा, बच्चों में रामलीला के प्रति रुचि और श्रद्धा लगातार बढ़ रही है, यह बेहद सुखद संकेत है।
निखलेश उपाध्याय जो इस वर्ष भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, ने कहा कि यह पात्र आत्मविश्वास को जागृत करता है। वे पिछले एक वर्ष से इस भूमिका में हैं। रौनक जो लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं, पिछले दो वर्षों से अभिनय कर रहे हैं और कई अन्य पात्रों को भी मंच पर जीवंत कर चुके हैं।
माता सीता की भूमिका निभा रहे संस्कार पांडे लगातार दो वर्षों से इस भूमिका को निभा रहे हैं। संस्कार, डॉक्टर हिमांशु पांडे के पुत्र हैं। चेतन बिष्ट इस बार रावण की भूमिका में हैं। उन्होंने एक दृश्य में रावण द्वारा भगवान शिव को शीश समर्पण करने का अभिनय इतनी गहराई से किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध रह गए।
सूर्पनखा* का अभिनय कर रहे संतोष पंत, पिछले 15 वर्षों से यह भूमिका निभा रहे हैं। वे समिति के उपाध्यक्ष भी हैं। उन्होंने बताया कि वे कई महिला पात्रों को मंच पर प्रस्तुत कर चुके हैं। मंदोदरी का किरदार मुस्कान राणा निभा रही हैं, जबकि सीता की सहेलियों की भूमिकाएं भी बालिकाएं निभा रही हैं।
रामनगर में हुई ऐसी रामलीला, जिसने मोह लिया सबका मन… विधायक ने किया खास शुभारंभ
हितेश जोशी (हनी) इस बार मेघनाथ की भूमिका में हैं। इससे पहले वे राम, भरत सहित अन्य पात्र भी निभा चुके हैं। छोटे बच्चे भरत, शत्रुघ्न, मंदोदरी, सुलेचना जैसे अनेक पात्रों को निभा रहे हैं। सूर्पनखा का नृत्य इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा, जो रिहर्सल में ही सबका मन मोह चुका है।