हिंदी
शादी के वादे से फंसाया
Nainital: हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने पहले दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर उसका विश्वास जीता और बाद में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी ने शादी के लिए धर्म परिवर्तन का आश्वासन दिया और बाद में अपने वादे से मुकर गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से ऊधम सिंह नगर जिले के शक्तिफार्म क्षेत्र की रहने वाली है और वर्तमान में हल्द्वानी में किराये पर रहकर एक मोबाइल शॉप में नौकरी करती है। इसी दुकान पर उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी शाहबाज भी काम करता था। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई।
पीड़िता का आरोप है कि शाहबाज ने उससे शादी करने की बात कही और भरोसा दिलाया कि वह उसके लिए अपना मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपना लेगा। इन बातों पर विश्वास कर युवती उसके करीब आ गई। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी उसे अलग-अलग स्थानों पर ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के अनुसार, 8 जुलाई और 18 जुलाई को भी आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके मोबाइल फोन से चैट, फोटो और वीडियो भी डिलीट कर दिए। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इसके बाद पीड़िता ने हल्द्वानी कोतवाली पहुंचकर पूरी घटना की तहरीर पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी शाहबाज को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Nainital
Published : 30 July 2026, 12:42 AM IST