

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल की लोअर मॉल रोड और हल्द्वानी–नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग में हुई आपदा से हुई क्षति पर समीक्षा की और त्वरित पुनर्निर्माण व सुधार कार्यों के निर्देश दिए।
सीएम धामी, उत्तराखंड
Haldwani: हल्द्वानी काठगोदाम में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा से हुई क्षति और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता को त्वरित राहत उपलब्ध कराना और समयबद्ध तरीके से पुनर्निर्माण कार्य पूरे करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर विभाग अपनी जिम्मेदारी तय करे और किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी और मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री को जिले में हुई क्षति की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि नैनीताल की लोअर मॉल रोड धंस गई है, बागेश्वर के पुलों को नुकसान हुआ है, रानीबाग पावर हाउस और ओखलकांडा व धारी ब्लॉक मार्ग प्रभावित हुए हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर भूस्खलन की समस्याएँ सामने आई हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि नैनीताल जिले में आपदा से हुई कुल क्षति का अनुमान लगभग 443 करोड़ रुपये है और यह रिपोर्ट केंद्र सरकार की आपदा विश्लेषण टीम को भी प्रस्तुत की गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस वर्ष असामान्य वर्षा और भूस्खलन के कारण राज्य के लगभग सभी जनपद प्रभावित हुए हैं और नुकसान सामान्य से दो से तीन गुना अधिक हुआ है। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकार के संसाधनों का उपयोग कर प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से पुनर्निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि एक माह के भीतर सड़कों का पैचवर्क पूरा किया जाए, जल निकायों में अतिक्रमण हटाया जाए और सिंचाई विभाग जलाशयों में de-silting कार्य की ठोस योजना बनाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की साझा भूमिका सुनिश्चित हो। स्वास्थ्य विभाग को जलभराव से उत्पन्न होने वाले रोगों की रोकथाम और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने, साथ ही स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए सक्रिय रहने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने जन समस्याओं के समाधान के लिए जन निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविरों के आयोजन पर भी जोर दिया।
बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दरमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, राम सिंह केड़ा, प्रमोद नैनवाल, दायित्वधारी अधिकारी और मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रभावित जनता को शीघ्र राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी से परिणाम मिलेगा।