हिंदी
नैनीताल की सबसे ऊंची चोटी नैनापीक से झीलों और पहाड़ों का शानदार नज़ारा दिखाई देता है। टांकी से शुरू होने वाला ट्रेक इसे पर्यटकों की पहली पसंद बनाता है।
पहाड़ों व झीलों का शानदार नजारा
Nainital News: नैनीताल की वादियों में घूमने आने वाले यात्रियों के लिए कई दर्शनीय स्थल हैं, लेकिन इनमें एक जगह ऐसी है जो हर मौसम में पर्यटकों को अपनी ओर खींच लेती है। यह जगह है नैनापीक, जिसे कभी चीना पीक के नाम से जाना जाता था। समुद्र तल से करीब 2611 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह चोटी नैनीताल की सबसे ऊंची चोटी है और यहां से पूरे शहर का पैनोरमिक नजरा दिखाई देता है।
फोटोग्राफी के शौकीन पर्यटक
घने जंगलों के बीच से गुजरता रास्ता नैनापीक तक पहुंचने के सफर को रोमांचक बनाता है। आसमान को छूती देवदार और बांज के पेड़ों की खुशबू यात्रियों को एक अलग ही सुकून देती है। नैनापिक तक पहुंचने के लिए आपको करीब 4 किलोमीटर का चढ़ाई वाला ट्रैक पार करना होगा। यहां पहुंचते ही आपको नैनापीक से उल्टे आम के आकार वाली नैनी झील, पूरा नैनीताल, तराई-भावर के मैदानी इलाके और आसपास की कई चोटियां एक ही फ्रेम में दिख जाती हैं। यहीं वजह है कि ट्रैकिंग और फोटोग्राफी के शौकीन पर्यटक भी इस जगह को अपनी पहली पसंद मानते हैं।
बड़ी संख्या में पक्षियों की प्रजातियां
नैनापीक नंदा देवी बर्ड कंजर्वेशन रिजर्व के अंदर आता है, इसलिए यहां बड़ी संख्या में पक्षियों की प्रजातियां दिखाई देती हैं। कई तरह के रंग-बिरंगे पक्षी यहां की शांति को और भी खूबसूरत बना देते हैं। यदि आप भी कभी नैनीताल आए तो अपने दोस्तों के ट्रैकिंग कर नैनीताल की सबसे ऊंची चोटी पर अवश्य जाए।
नैनापीक कैसे पहुंचे
बता दें कि नैनापीक की ऊंचाई तक पहुंचने के लिए आपको टांकी नाम की जगह से पैदल सफर शुरू करना होता है। यहां से करीब तीन से चार किलोमीटर की ट्रेकिंग कर आपको चोटी तक पहुंचना पड़ता है। रास्ता पूरी तरह जंगलों से होकर जाता है और पूरा सफर पैदल ही तय करना होता है। अगर किसी को ट्रेकिंग का शौक है तो नैनापीक इस इलाके की सबसे बेहतरीन जगह मानी जाती है।
पिकनिक ट्रिप भी प्लान
जिन यात्रियों को शांत वातावरण और प्रकृति के करीब समय बिताना पसंद है, वे इस रास्ते को बेहद पसंद करते हैं। परिवार और दोस्तों के साथ यहां छोटा-सा पिकनिक ट्रिप भी प्लान किया जा सकता है। चोटी पर पहुंचने के बाद दिखने वाला नैनीताल शहर और झीलों का नज़ारा इतना साफ और विस्तृत होता है कि हर कोई इसे अपने कैमरे में कैद करना चाहता है। अगर आप नैनीताल की असली सुंदरता को करीब से महसूस करना चाहते हैं, तो नैनापीक का यह सफर आपके लिए एक शानदार अनुभव साबित होगा।