Haridwar Crime: मंगलौर नहर पटरी हत्याकांड का खुलासा, 5 दिन के भीतर सुलझी गुत्थी, जानें पूरा मामला

हरिद्वार के मंगलौर में 20 हजार रुपए के लालच में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पांच दिन में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 22 February 2026, 2:19 PM IST
google-preferred

Roorkee: हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र के मंगलौर में एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। महज 20 हजार रुपए के लालच में एक युवक ने अपने ही साथी की जान ले ली। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले को ब्लाइंड मर्डर मानते हुए जांच तेज कर दी गई। पांच दिन की पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है।

नहर पटरी मार्ग पर मिला था शव

जानकारी के अनुसार, 17 फरवरी को मंगलौर नहर पटरी मार्ग स्थित पुराने पीर के पास एक युवक का शव मिला था। शव मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और पाया कि युवक के सिर पर गहरे चोट के निशान हैं। बाद में शिनाख्त होने पर मृतक की पहचान मंगलौर निवासी प्रदीप के रूप में हुई।

जांच में जुटी पुलिस टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। साथ ही कई संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस का शक सराय ज्वालापुर निवासी विनायक त्यागी पर गहराता चला गया।

मंगलौर थाना क्षेत्र (Img- Internet)

आखिरकार गंगनहर में मिला आईआईटी रुड़की के छात्र का शव, छह दिन तक चला तलाशी अभियान

पूछताछ में आरोपी ने उगला सच

पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने हत्या की पूरी कहानी बता दी। आरोपी ने कबूल किया कि वह और प्रदीप साथ में शराब पी रहे थे। इसी दौरान उसे पता चला कि प्रदीप के पास नकदी है। 20 हजार रुपए हड़पने के लालच में उसने पहले प्रदीप का गला दबाया और फिर जमीन पर गिराकर पत्थर से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी।

निशानदेही पर बरामद हुए सबूत

हत्या के बाद आरोपी मौके से नकदी लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पत्थर, खून से सनी जैकेट और लूटी गई 20 हजार रुपए की नकदी बरामद कर ली। बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में मजबूत साक्ष्य जुटा लिए हैं।

कपसाड़ हत्याकांड: मैं बाहर निकल रहा हूं…, एक फोन कॉल से टूटी फरारी; रुड़की स्टेशन पर घेराबंदी कर…

पुलिस टीम को मिला इनाम

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने टीम को 5 हजार रुपए का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और मामले में चार्जशीट जल्द दाखिल की जाएगी।

Location : 
  • Roorkee

Published : 
  • 22 February 2026, 2:19 PM IST

Advertisement
Advertisement