Haridwar Crime: ब्लाइंड मर्डर केस सुलझा, हथौड़े से हत्या की वारदात में प्रेम प्रसंग निकला वजह

हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बेटी के प्रेम संबंधों के चलते दो आरोपियों ने हथौड़े से हत्या की थी। पुलिस ने 24 घंटे में केस सुलझाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 29 April 2026, 4:04 PM IST
google-preferred

Haridwar: कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में हुए चर्चित राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर पूरी साजिश का खुलासा किया है।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि मृतक राजवीर सिंह की हत्या उसकी शादीशुदा बेटी के प्रेम संबंधों के चलते की गई। मुख्य आरोपी पंकज कुमार मृतक की बेटी से प्रेम करता था और उससे विवाह करना चाहता था, लेकिन पिता इस रिश्ते के खिलाफ था।

शादी और विरोध से बढ़ा विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि पंकज, लड़की का तलाक कराकर उससे शादी करना चाहता था। लेकिन राजवीर के लगातार विरोध के कारण दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया, जो बाद में हत्या की साजिश में बदल गया।

शराब पिलाकर रची गई साजिश

26 अप्रैल की शाम आरोपियों ने योजना के तहत राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बांग्ला अंडरपास के पास पॉपुलर खेत में ले जाया। वहां पहले से तैयार हथौड़े से उसके सिर पर वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई।

Haridwar: जूना अखाड़ा के पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप, संत समाज में मचा घमासान

तकनीकी जांच से खुला राज

पुलिस ने जांच के दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जिससे मुख्य आरोपी पंकज को कलियर रोड स्थित एक अस्पताल के बाहर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने पूरी वारदात कबूल कर ली।

दूसरे आरोपी की भी गिरफ्तारी

पंकज की निशानदेही पर दूसरे आरोपी छोटे लाल को भी नहर पटरी मार्ग से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पूरे हत्याकांड की परतें खुलती चली गईं।

Haridwar News: ड्राइवर ने क्यों दोस्त को उतारा मौत के घाट, जानिये क्या है पूरा मामला…

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल, पर्स और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। यह सबूत वारदात की पुष्टि करते हैं।

24 घंटे में केस सुलझा

मृतक के बेटे प्रियांशु ने 27 अप्रैल को अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने तकनीकी और फील्ड जांच के आधार पर महज 24 घंटे के भीतर केस का खुलासा कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।

Location :  Haridwar

Published :  29 April 2026, 4:03 PM IST

Advertisement