हिंदी
हरिद्वार में दर्दनाक हादसा (Img- Internet)
Haridwar: तीर्थनगरी हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है, जहां राजस्थान से आए श्रद्धालुओं से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर ही पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बस पलटने के दौरान सामने से आ रहा एक तेज रफ्तार डंपर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक ढाबे में जा घुसा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत कार्य शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान के नागौर जिले से श्रद्धालुओं का एक दल डबल डेकर बस में सवार होकर गंगा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचा था। मृतका अपने भाई और अन्य परिजनों के साथ पवित्र गंगा में डुबकी लगाने आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सभी यात्री गंगा स्नान करने के बाद वापस अपने गृह राज्य राजस्थान लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान शांतिकुंज के पास यह भयानक हादसा हो गया।
हादसा उस समय हुआ जब बस चालक शांतिकुंज के समीप हाईवे पर गाड़ी को मोड़ने के लिए बैक कर रहा था। अचानक चालक का वाहन पर से संतुलन बिगड़ गया और बस बीच सड़क पर ही पलट गई। इसी बीच सामने से आ रहे एक डंपर चालक ने बस को टक्कर से बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इस प्रयास में उसका डंपर भी अनियंत्रित हो गया और सीधे सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बोलेरो कार भी डंपर की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हरिद्वार पुलिस पर उठे सवाल: बाहरी एजेंसियां करती रहीं कार्रवाई, स्थानीय पुलिस को नहीं लगी भनक
बस पलटते ही हाईवे पर यात्रियों की चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आपदा परिचालन केंद्र से सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय नागरिकों और पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से तत्परता दिखाते हुए बस की खिड़कियों और शीशों को तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया गया।
एसडीएम योगेश मेहरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें से 26 लोग घायल हुए हैं। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने नागौर (राजस्थान) की रहने वाली एक महिला श्रद्धालु को मृत घोषित कर दिया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि हाईवे से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारू कर दिया गया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
Location : Haridwar
Published : 1 June 2026, 9:50 AM IST