‘दो हादसों ने बुझा दिए दो घरों के चिराग’, इलाज के दौरान दो युवकों की मौत; गोला पुलिस ने शुरू की जांच

गोरखपुर के गोला तहसील क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसों में गंभीर रूप से घायल दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक घटना में अज्ञात वाहन की टक्कर ने जान ले ली।

Gorakhpur: गोरखपुर के गोला तहसील क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में घायल दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों की तहरीर पर गोला पुलिस ने एक मामले में अज्ञात वाहन चालक और एक दूसरे मामले में स्कूटी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पहली घटना?

पहली घटना 15 अगस्त की बताई जा रही है। बड़हलगंज थाना क्षेत्र के कुल्दवाबारी निवासी अर्ष कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता बालमेंद्र कुमार मौर्य खजुरिया गांव से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान परनई चौराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें- सिर्फ 1000 रुपये के लिए तीन देवरों ने भाभी को दी दर्दनाक मौत, अब हत्या के 10 साल बाद आया बड़ा ट्विस्ट

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

दूसरी घटना में क्या हुआ?

दूसरी घटना 13 अगस्त की शाम करीब सात बजे गोला थाना क्षेत्र में हुई। सीतापुर जनपद के लहरपुर थाना क्षेत्र के निमौची गांव निवासी नसीम ने पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई वसीम और उनका साला मोहम्मद वसीम गोला थाना क्षेत्र में फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करते थे।

घटना की शाम दोनों डड़वापार से पैदल चिलवा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई एक स्कूटी ने वसीम को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वसीम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

ये भी पढ़ें- जल जीवन मिशन की पानी टंकी पर बवाल! सरकारी टीम से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी, दो पर मुकदमा

गंभीर हालत में अस्पताल रेफर

साथ चल रहे उनके साले ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायल वसीम को सीएचसी गोला पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही वसीम की मौत हो गई। घटना के संबंध में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर स्कूटी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

गोला थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  4 September 2026, 4:41 PM IST

Related News

Advertisement