हिंदी
जल जीवन मिशन की पानी टंकी पर बवाल (Img: Dynamite News)
Maharajganj: सिंदुरिया थाना क्षेत्र के जगरनाथपुर गांव में जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी के निर्माण को लेकर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब अस्थायी अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम और जल जीवन मिशन के सदस्यों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि ग्राम जगरनाथपुर तप्पा नई करही, परगना तिलपुर, तहसील निचलौल में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण के लिए चिन्हित भूमि पर मौजूद अस्थायी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई उपजिलाधिकारी निचलौल के आदेश के अनुपालन में 1 सितंबर 2026 को की जा रही थी।
ये भी पढ़ें- “सड़क पर भीड़ नहीं, बूथ पर ताकत दिखाइए”, यूपी दौरे से पहले तावड़े सख्त; मिशन-2027 पर होगी बड़ी पड़ताल
राजस्व टीम के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मौके पर नायब तहसीलदार भी मौजूद थे। इसी दौरान अमिरुन निशा पत्नी जहरुद्दीन और ताहिर अली पुत्र बुल्ली मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए राजस्व टीम तथा जल जीवन मिशन के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि विवाद बढ़ने से मौके पर अशांति की स्थिति उत्पन्न हो गई। सरकारी कार्य में बाधा और धमकी के मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर सिंदुरिया पुलिस ने ताहिर अली पुत्र बुल्ली और अमिरुन निशा पत्नी जहरुद्दीन, निवासी जगरनाथपुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें- IAS की कुर्सी पर अब बैठेंगे डॉक्टर साहब, हाईकोर्ट के एक हंटर ने बदल दिया UP का पूरा सिस्टम
अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, गांव में जल जीवन मिशन के तहत प्रस्तावित पानी की टंकी का निर्माण विवाद के बाद चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चल रही इस योजना के निर्माण कार्य में बाधा डालने और सरकारी टीम को धमकी दिए जाने के आरोपों ने मामले को गंभीर बना दिया है।
Location : Maharajganj
Published : 4 September 2026, 3:51 PM IST