हिंदी
हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई (Img- Internet)
Haridwar: देवभूमि उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल हरिद्वार से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। पवित्र हरकी पौड़ी और आसपास के घाट क्षेत्र में शराब पीकर हुड़दंग मचाने और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के चार यात्रियों को गिरफ्तार किया है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों, व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनका चालान काट दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश से आए कुछ युवक अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर हरकी पौड़ी के मुख्य बाजार और गंगा घाट क्षेत्र में घूम रहे थे। मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए इन हुड़दंगियों ने वहां मौजूद महिला श्रद्धालुओं और स्थानीय महिलाओं के साथ बदसलूकी और अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। पवित्र धार्मिक स्थल पर इस तरह की घिनौनी हरकत देखकर वहां मौजूद लोग सन्न रह गए।
युवकों को मर्यादा तार-तार करते देख वहां मौजूद तीर्थ पुरोहितों ने हिम्मत दिखाई और उन्हें तुरंत ऐसा करने से रोका। जब आरोपी युवक उनसे भी उलझने लगे, तो पुरोहितों ने बिना समय गंवाए इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देख हुड़दंग मचा रहे युवक मौके से भागने का प्रयास करने लगे। लेकिन स्थानीय दुकानदारों और पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और भाग रहे चार आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान राजीव, विपिन, कपिल शर्मा और विकास के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद के नूरपुर खालसा के निवासी बताए जा रहे हैं, जो हरिद्वार घूमने आए थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने नशे में होने की बात स्वीकार की है। पवित्र पावन नगरी में इस तरह का उपद्रव करने पर स्थानीय व्यापार मंडल ने भी कड़ी आपत्ति जताई है।
हरिद्वार से अस्थियां लेकर लौटते परिवार पर आफत: रामपुर सड़क हादसे में दो की मौत, कई घायल
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए हरिद्वार के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि तीर्थ स्थल की पवित्रता और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं के तहत सख्त चालान किया है।
उन्होंने साफ चेतावनी दी कि भविष्य में भी यदि कोई यात्री या स्थानीय व्यक्ति घाटों पर नशा कर हुड़दंग मचाएगा या महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, तो उसके खिलाफ इससे भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Location : Haridwar
Published : 27 May 2026, 4:16 PM IST