हिंदी
हल्द्वानी की गल्ला मंडी में युवक और युवती के खून से लथपथ शव मिलने से शहर में हड़कंप मच गया। दोनों के सिर कुचले हुए हालत में मिले, जिससे पहचान करना बेहद मुश्किल है। पुलिस ने पूरी मंडी को घेरकर जांच शुरू कर दी है, जबकि फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। युवक की जेब से अल्मोड़ा की एक आईडी मिली है। यह दोहरा हत्याकांड नैनीताल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
हत्या की खबर से पूरे क्षेत्र में हड़कंप
Nainital: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में गल्ला मंडी इलाके में दो लोगों की हत्या की खबर से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मंडी परिसर के अंदर एक युवक और एक युवती मृत अवस्था में मिले, जिनकी हालत देखकर मौके पर मौजूद सभी लोग सन्न रह गए। दोनों के सिर को किसी भारी चीज़ से बुरी तरह तोड़ा गया था, जिससे उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है।
क्या है पूरी घटना?
जानकारी के मुताबिक,सुबह काम पर पहुंचे श्रमिकों ने सबसे पहले इन दोनों को जमीन पर पड़े देखा था। स्थिति समझते ही उन्होंने तुरंत पुलिस को बुलाया। सूचना मिलने के बाद एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ, कोतवाल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए, ताकि किसी तरह की छेड़छाड़ न हो पाए।
अल्मोड़ा जिले का एक पहचान दस्तावेज मिला
शुरुआती जांच में पुलिस का अनुमान है कि युवती की उम्र करीब 21 से 22 वर्ष और युवक लगभग 25 वर्ष का होगा। युवक की जेब से अल्मोड़ा जिले का एक पहचान दस्तावेज मिला है, जिसके आधार पर उसकी पहचान की कोशिश की जा रही है। दूसरी ओर, युवती के पास कोई सामान नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान तुरंत स्पष्ट हो सके।
दोहरी हत्या पुलिस के लिए बड़ी चुनौती
शहर में यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब हाल ही में देहरादून में भी हत्या का मामला उजागर हुआ था। अब हल्द्वानी में हुई यह दोहरी हत्या पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। गौरतलब है देश में आए दिन अपराध की घटना सामने आती रहती है जो कि काफी राष्ट्र और समाज के लिए चिंता का विषय है।