हिंदी
हल्द्वानी के राजकीय मेडिकल कॉलेज में एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर छात्राओं से अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगे हैं। पीजी छात्रों ने प्राचार्य से शिकायत कर जांच की मांग की है। कार्रवाई न होने पर उच्च संस्थानों में शिकायत की चेतावनी दी।
तीन महीने बाद फिर उठा विवाद
Nainital: राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एक बार फिर विवादों में घिर गया है। करीब तीन महीने पहले एक असिस्टेंट प्रोफेसर ने छात्रों से परेशान होकर इस्तीफा दिया था। अब उसी विभाग के एक अन्य असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ छात्रों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीजी छात्रों ने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल को लिखित शिकायत दी है। छात्रों का आरोप है कि संबंधित प्रोफेसर मेडिकल छात्राओं के साथ अपमानजनक व्यवहार करते हैं। वे छात्राओं के पहनावे और उनके साथ घूमने को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं।
छात्रों का कहना है कि प्रोफेसर कक्षा के दौरान गाली-गलौज करते हैं और जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल करते हैं। इससे छात्रों का मनोबल गिर रहा है और शिक्षण का वातावरण प्रभावित हो रहा है।
Nainital: होटल के रूम नंबर 205 में कैसे पहुंची AK-47? एक युवक की वजह से इलाके में मचा हड़कंप
एक फैकल्टी सदस्य ने बताया कि हाल ही में उक्त प्रोफेसर का एक डॉक्टर के साथ पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें अनुचित भाषा का प्रयोग किया गया। इससे कॉलेज परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
छात्रों का यह भी आरोप है कि प्रोफेसर उन्हें फेल करने या उपस्थिति कम दर्ज करने की धमकी देते हैं। निजी कक्ष में बुलाकर अनुचित सवाल पूछे जाते हैं, जिससे मानसिक दबाव बढ़ता है।
छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि कॉलेज प्रशासन ने उचित कार्रवाई नहीं की तो वे राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग, यूजीसी एंटी-रैगिंग सेल और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराएंगे। उनका कहना है कि सुरक्षित और सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण उनका अधिकार है।
Nainital: भवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गुमशुदा लड़की बिजनौर से बरामद, आरोपी गिरफ्तार
प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल ने बताया कि वह देहरादून से लौट चुके हैं और मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच बैठाई जाएगी। दोनों पक्षों से बात कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल मामले ने मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली और आंतरिक अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।