हिंदी
Symbolic Photo
Nainital: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक होटल के कमरे से पुलिस ने देसी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया। सत्यापन अभियान के दौरान हुई इस कार्रवाई ने इलाके में सनसनी फैला दी। टनकपुर रोड स्थित होटल के कमरे में ठहरा युवक जब पुलिस के सवालों में उलझा तो शक गहराया और तलाशी में ऐसा खुलासा हुआ, जिसने सबको चौंका दिया। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सत्यापन अभियान के दौरान खुलासा
राज्य पुलिस प्रमुख के निर्देश पर हल्द्वानी शहर में होटलों और लॉज की सघन जांच चल रही है। इसी अभियान के तहत बुधवार शाम हल्द्वानी कोतवाली की टीम राजपुरा रेलवे फाटक पार करते हुए टनकपुर रोड स्थित होटल कैलाश व्यू पहुंची। पुलिस टीम ने होटल के रूम नंबर 205 का दरवाजा खटखटाया। कमरे से बाहर आए युवक ने अपनी पहचान पंकज सिंह बिष्ट (31 वर्ष) निवासी ग्राम मोल्टा थाना जोशीमठ जिला चमोली के रूप में बताई। आईडी मांगने पर युवक ने आयुष्मान कार्ड दिखाया। जब आधार कार्ड के बारे में पूछा गया तो वह बैग से पर्स निकालने लगा। इसी दौरान पुलिस को उसके व्यवहार पर संदेह हुआ।
बैग की तलाशी में मिला देसी तमंचा
पुलिस ने जब बैग की तलाशी ली तो उसमें नीले रंग की पन्नी में लिपटा 12 बोर का देसी तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। एक कारतूस पर ‘RC 12 Italy’ का निशान भी अंकित था। यह देखकर पुलिस टीम भी सतर्क हो गई। तुरंत युवक को हिरासत में लेकर उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया, जिससे आगे की जांच की जा सके।
आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हथियार कहां से खरीदा गया, किस मकसद से रखा गया और इसके पीछे कोई और नेटवर्क तो नहीं है- इन सभी बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।
अन्य मामलों से भी जुड़ सकती है कड़ी
पुलिस अब हाल ही में बनभूलपुरा इलाके से बरामद दो तमंचों और एके-47 के कारतूस की जांच से भी इस मामले को जोड़कर देख रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी ने साफ कहा है कि शहर में सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Nainital
Published : 20 February 2026, 9:55 PM IST