बस्ती में घेराबंदी देखते ही गोवंश तस्कर ने निकाला तमंचा, फिर चली गोलियां, जवाबी कार्रवाई में…

बस्ती के परसरामपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 4 गोवंश, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है। फरार आरोपी सद्दाम पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 17 May 2026, 2:25 PM IST
google-preferred
Basti : जिले के परसरामपुर थाना क्षेत्र में शनिवार भोर उस वक्त हड़कंप मच गया जब पुलिस और एक फरार पशु तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम काफी दिनों से जिस आरोपी की तलाश कर रही थी, वह आखिरकार नक्टवा पुल के पास पुलिस के हत्थे चढ़ गया। लेकिन गिरफ्तारी से पहले आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पहले सात तस्करों को पकड़ा था पुलिस ने

पुलिस के मुताबिक, 16 मई को थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग और दबिश अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग गोवंश तस्करी में शामिल हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पचौरी बाग इलाके में घेराबंदी कर सात आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश यादव, सहबान उर्फ छोटू, आयुष प्रताप सिंह, सहजाद हुसैन, रामअवतार यादव, मुरली सोनकर और असलम के रूप में हुई। इनके कब्जे से चार गोवंश भी बरामद किए गए थे।

इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी सद्दाम मौके से भाग निकला था। पुलिस तभी से उसकी तलाश में जुटी हुई थी और लगातार दबिश दी जा रही थी।

घेराबंदी देख आरोपी ने कर दी फायरिंग

शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी सद्दाम नक्टवा पुल के पास मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। जिसमें सद्दाम के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी परसरामपुर भेजा गया है।

गोवध अधिनियम में दर्ज है मुकदमा

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गोवध अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराध और पशु तस्करी पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Location :  Basti

Published :  17 May 2026, 2:18 PM IST

Related News

Advertisement