हिंदी
हल्दवानी में डीएम सख्त
Nainital: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की समीक्षा बैठक में जिला योजना और बीस सूत्रीय कार्यक्रम की प्रगति को लेकर नई दिशा तय की गई। कैंप कार्यालय हल्द्वानी में भौतिक और वर्चुअल दोनों माध्यमों से आयोजित इस बैठक में डीएम ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि नए वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना को ध्यान में रखते हुए तुरंत प्रभाव से कार्य शुरू किया जाए, ताकि लक्ष्य समय पर पूरे हों और विभागों का प्रदर्शन सर्वोच्च श्रेणी में दर्ज हो सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को पिछले वर्ष हासिल उपलब्धियों के आधार पर इस वर्ष की शुरुआत से ही मजबूत तैयारी करने की आवश्यकता दोहराई। उन्होंने 20 सूत्रीय कार्यक्रम से जुड़े विभागों को विशेष रूप से आगाह किया कि ए श्रेणी प्राप्त करने के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अभी से कार्रवाई शुरू कर दी जाए। स्वास्थ्य, पीएमजीएसवाई, बाल कल्याण और महिला विकास विभागों को विशेष तौर पर लक्ष्य आधारित काम तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए।
नैनीताल में भीषण हादसा, खाई में गिरी कार, पांच श्रद्धालुओं की मौत
जिलाधिकारी रयाल ने जिला योजना 2025-26 के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों से जुड़ी सभी योजनाओं के उपयोगिता प्रमाण पत्र टेबल ए और टेबल बी के अनुसार योजनावार उपलब्ध कराए जाएं। इसके साथ ही आगणन तैयार करने, तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने और टेंडर प्रक्रिया समय पर पूर्ण कर पत्रावली को धनराशि प्राप्ति हेतु पूरी तरह तैयार रखने के आदेश दिए।
बैठक में शिक्षा विभाग को भी स्पष्ट निर्देश मिले कि उपकरणों की खरीद और आपूर्ति विद्यालयों से प्राप्त मांग के अनुसार ही की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिस विद्यालय में जो विषय संचालित हैं, उन्हीं विषयों की प्रयोगशाला सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि पिछले वर्ष दर्ज हुई शिकायतें इस वर्ष दोबारा सामने न आएं।
इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागों को यह भी निर्देश दिया कि माननीय सांसद द्वारा विकास कार्यों के पर्यवेक्षण से जुड़ी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जाए और लोकार्पण व शिलान्यास की अद्यतन सूची भी शीघ्र भेजी जाए।
डीएम रयाल ने जोर देकर कहा कि जिले की सभी महत्वपूर्ण और बड़ी योजनाओं को समय से पहले पूरा किया जाए और जिला योजना एवं बजट प्रबंधन पोर्टल से जुड़ी प्रशिक्षण प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर विभागीय कार्य की गति को और सुचारू बनाया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश नेगी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Nainital
Published : 22 May 2026, 5:59 AM IST