हिंदी
रसूखदार बाहुबली नरेश पांडे हिरासत में (Img- Internet)
Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को एक बड़ा व्यापारी नेता और क्षेत्र का प्रभावशाली चेहरा बताने वाले चर्चित बाहुबली नरेश पांडे पर कानून का शिकंजा कस गया है। एक पीड़ित युवती की शिकायत पर नैनीताल पुलिस ने बेहद तत्परता दिखाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की।
पुलिस की एक विशेष टीम ने आरोपी नरेश पांडे को भवाली स्थित उसके आलीशान आवास से हिरासत में ले लिया। इस हाईप्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद पूरे जिले के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एक युवती ने नैनीताल के मल्लीताल कोतवाली में नरेश पांडे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि नरेश पांडे ने उसे शादी का झांसा दिया और लंबे समय तक उसका शारीरिक व मानसिक शोषण करता रहा। युवती की इस गंभीर शिकायत के आधार पर पुलिस ने बिना किसी देरी के तुरंत मुकदमा दर्ज किया और आरोपी को दबोचने की योजना बनाई। इस पूरी कार्रवाई की सबसे खास बात यह रही कि अमूमन रसूखदारों के मामलों में दिखने वाले राजनीतिक या सामाजिक दबाव को दरकिनार कर पुलिस ने निष्पक्षता से काम किया और यह साफ संदेश दिया कि कानून के सामने बाहुबल की कोई हैसियत नहीं है।
शुरुआती जांच में जो तथ्य सामने आ रहे हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। भवाली का यह तथाकथित बाहुबली अब सिर्फ यौन शोषण के मामले में ही नहीं, बल्कि एक बड़े संगठित अपराध के घेरे में आता दिख रहा है। पुलिस सूत्रों के हवाले से खबर है कि जांच के दौरान कुछ ऐसे पुख्ता इनपुट मिले हैं जो इशारा करते हैं कि नरेश पांडे के संरक्षण में एक गिरोह काम कर रहा था।
नैनीताल में अपराधियों पर बड़ा प्रहार, 7 कुख्यात बदमाश 6 महीने के लिए जिला बदर
यह गिरोह महिलाओं को आगे कर अमीर या रसूखदार लोगों को अपने जाल में फंसाता था और बाद में उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर मोटी रकम वसूलने के लिए ब्लैकमेल करता था। पुलिस अब इस मामले को एक बड़े हनीट्रैप नेटवर्क के एंगल से खंगाल रही है।
मंगलवार सुबह जब पुलिस की टीम भवाली में नरेश पांडे के घर पर दबिश देने पहुँची, तो वहाँ का नजारा देखने लायक था। आरोपी की सुरक्षा और धौंस जमाने के लिए तैनात रहने वाले कुछ बंदूकधारी बाउंसरों को भी पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस अब इन बाउंसरों की कुंडली खंगाल रही है कि अवैध वसूली या डराने-धमकाने के खेल में इनकी क्या भूमिका थी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस आरोपी के बैंक खातों, हालिया आर्थिक लेनदेन, उसके रसूखदार संपर्कों और मोबाइल-लैपटॉप जैसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज रही है।
इस पूरे मामले को लेकर नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने साफ किया कि युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।
नैनीताल में बिना अनुमति चल रहे होमस्टों पर प्रशासन का कड़ा शिकंजा
उन्होंने कहा, "जांच के दौरान कुछ ऐसे इनपुट जरूर मिले हैं जिनमें लोगों को जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने की बातें सामने आई हैं। हमारी टीम हर पहलू की गहराई से और वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है। जिला पुलिस यह साफ कर देना चाहती है कि कोई भी व्यक्ति चाहे वह कितना भी रसूखदार क्यों न हो, कानून से ऊपर नहीं है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।" पुलिस की इस त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जनता जमकर सराहना कर रही है।
Location : Nainital
Published : 20 May 2026, 8:53 AM IST