हिंदी
विकासनगर के सेलाकुई थाना पुलिस ने स्मैक तस्करी के आरोप में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
विकासनगर में दो स्मैक तस्कर दबोचे (इमेज सोर्स- इंटरनेट)
देहरादून: जनपद के विकासनगर में पुलिस ने बुधवार को दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 19.80 ग्राम स्मैक व इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद की है। पुलिस ने तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार आरोपी तस्करों की पहचान वसीम उर्फ तोता पुत्र शाहिद निवासी रामपुर और दिलशाद उर्फ सानू पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी रामपुर सहसपुर के रुप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सेलाकुई थाने की पुलिस को एक मुखबिर से स्मैक तस्करी करने की सूचना मिली थी। उसके बाद टीम ने सारना नदी के पुल के पास भी चेकिंग की। इसी दौरान पुल के नीचे चोई बस्ती से एक व्यक्ति आता दिखाई दिया।
शक के आधार पर पुलिसकर्मियों ने उसे पीछा कर पकड़ा। इतनी देर में व्यक्ति ने अपनी जेब से एक सफेद प्लास्टिक की पन्नी को जमीन पर फेंक दिया ओर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने जमीन पर फेंकी पॉलीथिन से स्मैक बरामद की।
इस दौरान पुलिस को आरोपी वसीम के पास से 19.80 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दिलशाद ने ही वसीम को स्मैक खरीदने के लिए बुलाया था। पुलिस ने स्मैक सप्लाई करने वाले जिशान और शहबाज को भी आरोपी बनाया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपी वसीम ने पुलिस को बताया कि तस्लीम गांव में डेरी चलाता है और वह बरेली व सहारनपुर से स्मैक खरीदकर लाता है और फुटकर में रामपुर निवासी शहबाज व खुशालपुर निवासी जिशान को और उसे सप्लाई करता है।
जब तस्लीम के पास स्मैक नहीं होती है तो वह जिशान और शहबाज से भी स्मैक खरीद कर लाता है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने 40 हजार रुपये देकर 25 ग्राम स्मैक खरीदी थी। आरोपी के पास से दो हजार रुपये नकद, एक फोन, एक इलेक्ट्रानिक तराजू बरामद की गई। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में स्मैक सप्लाई करने वाले व खरीदने वाले दो अन्य आरोपियों जिशान और शहबाज तस्लीम को भी आरोपी बनाया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।