हिंदी
देहरादून के आद्दूवाला ग्राम इलाके से गुज्जर अपने मवेशियों को लेकर आ रहे थे। अचानक खनन से लदा एक डंपर कई मवेशियों को रौंदते हुए भाग निकला। इस हादसे में 6 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य घायल हैं।
खनन डंपरों ने मवेशियों को रौंदा (Img- Internet)
Dehradun: राज्य में खनन कार्य से जुटे वाहन अक्सर सड़क दुर्घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई लोग इन वाहनों की चपेट में आकर जानें गंवा चुके हैं। देहरादून के आद्दूवाला में आज खनन से लदे डंपर ने वन गुर्जरों के मवेशियों को रौंद दिया। 40 से ज्यादा मवेशी इस हादसे की चपेट में आ गए, जिनमें से 6 की मौके पर ही मौत हो गई। घायल जानवर सड़क पर तड़पते रहे। इससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आज सुबह के समय एक वन गुज्जर परिवार अपने मवेशियों के साथ हिमाचल के कौलर क्षेत्र से आ रहा था। ललूपुर-पांवटा नेशनल हाईवे, आद्दूवाला के पास गुज्जरों के जानवर सड़क किनारे खड़े थे। बेजुबाव जानवर किसी भी खतरे से अनजान थे, लेकिन अचानक तेज रफ्तार से आ रहा खनन से भरा डंपर सीधे मवेशियों के झुंड में घुस गया। देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 6 जानवरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबिक एक दर्जन से ज्यादा मवेशियों को चोटें आई हैं।
Uttarakhand: देहरादून में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर जानलेवा हमला, कर्मचारियों में दहशत
पीड़ित वन गुज्जर हनीफ के अनुसार वे हिमाचल के कौल्लर से मवेशी लेकर आ रहे थे। आद्दूवाला के पास जानवर सड़क किनारे खड़े थे। अचानक एक खनन डंपर ने टक्कर मार दी। हमारा परिवार भी साथ था। चार गाएं बेहद गंभीर हालत में हैं। उन्होंने बताया कि इस हादसे से उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। पीड़ित वन गुज्जरों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
हादसे को अंजाम देने के बाद दो डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हालांकि, गुस्साए वन गुज्जरों और ग्रामीणों ने मिलकर दो अन्य डंपरों को घेरकर रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कुछ डंपर चालक उल्टा वन गुज्जरों को ही धमकाने लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया।