हिंदी
रायबरेली में गुरुवार के दिन कई भयानक सड़क हादसे हुए। जिसमें कई लोग घायल हुए और कई लोगों की जान चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Raebareli: थाना क्षेत्र के छतोह-गांधीनगर मार्ग पर रात करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो गहरे नहर में जा गिरी। हादसे में वाहन के पुर्जे क्षतिग्रस्त हो गए और उसमें सवार कई लोग घायल हो गए। चालक घायलों को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बताया जाता है कि परैया नमस्कार निवासी श्यामलाल कश्यप के यहां 25 फरवरी की रात बेटी की शादी थी। टिकरा बैजनाथ, मुसाफिरखाना (जनपद अमेठी) से बारात आई थी। रस्मों और भोजन के बाद कुछ बराती बोलेरो (UP 32 FU 2121) से वापस लौट रहे थे। छतोह-गांधीनगर मार्ग पर पूरे मदारी मजरे डीघा डबल पुल के पास वाहन अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरा।
घटना की जानकारी मिलते ही बारात पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को बाहर निकालकर अमेठी के असैदपुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बछरावां के बांदा-बहराइच हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ओमनी चालक की मौत बांदा-बहराइच हाईवे पर बन्नावा गांव के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बछरावां की ओर से लालगंज की तरफ जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से ओमनी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ओमनी चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
ओमनी चालक रोहित पुत्र गुरु प्रसाद (उम्र लगभग 35 वर्ष) निवासी बिशुनपुर गुरुवार रात दुर्गापुर गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वह बन्नावा गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी गाड़ी में सामने से टक्कर मार दी।
रायबरेली में रफ्तार का कहर: दुकान पर बैठे दो लोगों को कार ने रौंदा, एक की मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि ओमनी के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया । जहां इलाज के दौरान हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर एसजीपीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया गया। इस दौरान डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष श्यामलाल पाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी । शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है ।
वहीं रायबरेली में लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर बल्दीखेड़ा गांव के पास गुरुवार शाम एक अनियंत्रित कार ने पंचर बना रहे दो लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना 26 फरवरी को देर शाम आसपास घटित हुई।
मृतक की पहचान कानपुर के अकबरपुर निवासी गिरिजेश कुमार पुत्र पटवारी के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति बल्दीखेड़ा निवासी रामफल पुत्र कंधई है, जिसकी हाईवे किनारे परचून और पंचर की दुकान है। घटना के समय गिरिजेश अपनी साइकिल का पंचर बनवाने रामफल की दुकान पर मौजूद था।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को बछरावां स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने गिरिजेश को मृत घोषित कर दिया। रामफल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। मृतक गिरिजेश अपने परिवार के साथ किराए पर रहकर गुब्बारे बेचने का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी सुनीता और तीन बच्चे, 9 वर्ष के जुड़वा बेटे राम व श्याम और 1 वर्ष की बेटी लक्ष्मी हैं।