बैंक की दबंगई से तंग आकर ग्राहक ने शाखा में खुद को लगाई आग, मचा हड़कंप, बैंक मैनेजर फरार

महराजगंज में चोला मंडलम बैंक की कथित मनमानी से परेशान एक ग्राहक ने बैंक परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आरोप है कि किस्त जमा होने के बावजूद गाड़ी रोकी गई और अतिरिक्त रकम की मांग की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Maharajganj: जनपद के घुघली थाना क्षेत्र निवासी अमित यादव पुत्र महेंद्र ने लगभग पांच वर्ष पूर्व अपनी वैगनआर कार को Cholamandalam Investment and Finance Company (चोला मंडलम) से फाइनेंस कराया था। परिजनों के अनुसार वाहन की मासिक किस्त 9,800 रुपये तय थी, जिसका नियमित भुगतान किया जा रहा था।

ये था मामला

पीड़ित का आरोप है कि शुक्रवार को उसने बैंक में 9,800 रुपये की किस्त जमा की। इसके बावजूद बैंक प्रबंधन ने उसकी गाड़ी गोरखपुर में रुकवा दी। इतना ही नहीं, बैंक मैनेजर अनिल शर्मा द्वारा कथित रूप से 8,500 रुपये अतिरिक्त जमा करने की मांग की गई। आरोप है कि जब तक यह अतिरिक्त रकम न दी जाए, गाड़ी नहीं छोड़ी जाएगी।

इस कार्रवाई से आहत अमित यादव महराजगंज के श्याम मंदिर स्थित बैंक शाखा पहुंचा। वहां मैनेजर मौजूद नहीं था, लेकिन सेल्स ऑफिसर दीपक शर्मा कार्यालय में मिले। पीड़ित ने अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए गाड़ी छुड़वाने की गुहार लगाई। आरोप है कि इसी दौरान मैनेजर ने फोन पर कथित रूप से धमकी भरे लहजे में कहा कि “गाड़ी नहीं छूटेगी, जो करना है कर लो।”

बैंक में मची अफरातफरी

बैंक के इस रवैये से क्षुब्ध होकर अमित यादव ने बैंक परिसर के अंदर ही अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और आग लगा ली। अचानक हुई इस घटना से बैंक में अफरातफरी मच गई। मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी।

महराजगंज में रिकवरी एजेंट की दबंगई, घर में घुसकर महिला से की ये हरकत

पुलिस की कार्रवाई

मौके पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाकर गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला अस्पताल भिजवाया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने शाखा में मौजूद सेल्स ऑफिसर दीपक शर्मा को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। घटना के बाद बैंक के अन्य कर्मचारी शाखा बंद कर मौके से चले गए।

इस घटना ने बैंकिंग प्रणाली और रिकवरी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि किस्त जमा हो चुकी थी तो वाहन रोकने और अतिरिक्त धनराशि मांगने की कार्रवाई क्यों की गई? क्या रिकवरी के नाम पर ग्राहकों पर दबाव बनाया जा रहा है?

महराजगंज में गूंजा ‘हारे का सहारा’ का जयघोष: भक्ति और उल्लास के बीच निकली बाबा खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा

क्षेत्र में आक्रोश

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजन बैंक प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोग बैंक की कथित मनमानी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कह रहे हैं।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 27 February 2026, 6:13 PM IST

Advertisement
Advertisement