हिंदी
एनकाउंटर के बाद मौके पर आरोपी के हथियार
Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके को दहला दिया और अब इस केस में बड़ा मोड़ आ गया है। हमले का मुख्य आरोपी जीशान पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। पुलिस के मुताबिक, लोनी इलाके में हुई इस मुठभेड़ के दौरान जीशान को दो गोलियां लगी। घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जीशान अमरोहा का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण बना हुआ है।
सीएम के बयान के बाद तेज हुई कार्रवाई
गौरतलब है कि इस घटना से एक दिन पहले ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सलीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही थी। उनके बयान के अगले ही दिन मुख्य आरोपी का एनकाउंटर होना कई सवाल भी खड़े कर रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में कार्रवाई करनी पड़ी।
दफ्तर में घुसकर किया था ताबड़तोड़ हमला
शुक्रवार सुबह दो बाइक सवार हमलावर सलीम के दफ्तर में घुसे थे और चाकू से गर्दन और पेट पर कई वार किए थे। गंभीर हालत में सलीम को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर दिल्ली के GTB Hospital में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उनकी गर्दन का ऑपरेशन हो चुका है और एक और सर्जरी बाकी है। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।
सोशल मीडिया कंटेंट बना वजह?
सलीम वास्तिक खुद को ‘एक्स मुस्लिम’ बताते हैं और यूट्यूब पर वीडियो बनाते हैं। उनके वीडियो को लेकर पहले भी सोशल मीडिया पर विरोध और धमकियों की बातें सामने आई थीं। बताया जा रहा है कि उनके बयानों से नाराज कुछ लोग उन्हें निशाना बना रहे थे। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह हमला पूर्व नियोजित साजिश तो नहीं था।
जांच जारी, अन्य आरोपियों की तलाश
हमले के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। फिलहाल मुख्य आरोपी के मारे जाने के बाद भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि बाकी संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
Location : Ghaziabad
Published : 2 March 2026, 12:16 AM IST