Gorakhpur News: रात में क्या हुआ? सुबह छत पर खून से लथपथ मिला युवक का शव, सिर पर मिले चोट के निशान

गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र के सिक्टौर में शनिवार सुबह 35 वर्षीय प्रदीप पासवान का खून से लथपथ शव घर की छत पर मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 22 August 2026, 1:47 PM IST
google-preferred

Gorakhpur: गोरखपुर के खोराबार इलाके में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सिक्टौर गांव में एक युवक का शव घर की छत पर खून से लथपथ हालत में मिला। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव मिलने की खबर कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। मृतक की पहचान सिक्टौर निवासी 35 वर्षीय प्रदीप पासवान के रूप में हुई है।

पड़ोसियों की नजर पड़ी तो सामने आया खौफनाक मंजर

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह पड़ोसियों की नजर घर की छत पर पड़ी। वहां प्रदीप का शव पड़ा हुआ था और आसपास खून फैला था। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दिए। शव की हालत देखकर पड़ोसियों ने तुरंत इसकी जानकारी परिवार और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।

एक महीने पहले ही बाहर से लौटा था प्रदीप

परिजनों के मुताबिक, प्रदीप करीब एक महीने पहले ही बाहर नौकरी करने के बाद अपने घर लौटा था। वापस आने के बाद वह घर के पास चल रहे निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। परिवार के लोगों के अनुसार, प्रदीप की किसी से रंजिश थी या नहीं, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस इसी पहलू समेत उसके हाल के संपर्कों और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

हैवानियत की हदें पार, फिर खून से रचा कत्ल का खौफनाक खेल! जब खुला दरिंदगी का राज, तो दहल उठा गोरखपुर

पत्नी छोड़कर चली गई थी

परिजनों के मुताबिक, पत्नी के साथ रहने के बाद अलगाव हो जाने से प्रदीप अकेले ही बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रहा था। बच्चों में एक बेटा और एक बेटी है। अचानक उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

सिर पर चोट ने बढ़ाई हत्या की आशंका

प्रदीप के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या की आशंका से भी जांच कर रही है। परिजनों ने भी अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित किया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके की जांच कर जरूरी नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सिर पर चोट किस चीज से मारी गई और घटना में किसी हथियार का इस्तेमाल हुआ था या नहीं।

गोरखपुर में नशे के सौदागरों पर कसेगा शिकंजा, मेडिकल स्टोर से ढाबों तक नजर; बैठक में इन मुद्दों पर हुए निर्णय

एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी निमिष पाटील समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस को मामले की जांच के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाल सकती है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने में मदद मिलेगी कि प्रदीप की मौत सिर में लगी चोट से हुई या इसके पीछे कोई और वजह थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृतक के परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  22 August 2026, 1:47 PM IST

Related News

Advertisement