फतेहपुर में खूनखराबा: मामूली विवाद में युवक की हत्या, माता-पिता और भाभी को किया लहूलुहान

फतेहपुर के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के राहिमालन का पुरवा गांव में मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और गांव में तनाव का माहौल है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 2 May 2026, 10:35 AM IST
google-preferred

Fatehpur : जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के राहिमालन का पुरवा गांव में मंगलवार की देर शाम दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। मामूली कहासुनी ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके माता-पिता और भाभी पर भी बेरहमी से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया गया। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

वारदात का पूरा घटनाक्रम

जानकारी के अनुसार, मृतक कुन्नू यादव घर के बाहर बैठा हुआ था और बताया जा रहा है कि वह मानसिक बीमारी से भी जूझ रहा था। इसी दौरान पड़ोसी कमलेश यादव, मनीष, सचिन, सुरेन्द्र सहित कुछ अन्य लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और बिना किसी रुकावट के कुन्नू पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे।

परिवार पर हमला और चीख-पुकार

बताया जा रहा है कि कुन्नू यादव की चीख-पुकार सुनकर उसके माता-पिता और भाभी उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम जैसा माहौल बन गया।

फतेहपुर में बड़ा हादसा: डंपर से टकराकर खाई में गिरी बरातियों की बस, चीख-पुकार के बीच 12 घायल

पुलिस कार्रवाई और अस्पताल रेफर

सूचना मिलने के बाद हुसैनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने कुन्नू यादव की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान कुन्नू ने दम तोड़ दिया। जिससे गांव में आक्रोश और गहरा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जांच जारी और बयान

पुलिस के अफसर ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान पहले ही स्पष्ट हो चुकी है। सभी के खिलाफ तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्रशासनिक स्थिति और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था

घटना के बाद प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है। जिससे किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। गांव में पुलिस लगातार गश्त कर रही है और अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Location :  Fatehpur

Published :  2 May 2026, 10:32 AM IST

Related News

Advertisement