शादी की तैयारी के बीच महराजगंज का युवक गायब, गोरखपुर से आगे टूटा संपर्क, नेपाल में ऐसा क्या हुआ?

कोल्हुई थाना क्षेत्र के राजपुर मुड़ली गांव से एक 40 वर्षीय युवक संदीप मद्धेशिया संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। 17 अप्रैल के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला है। परिवार ने अपहरण या अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से जांच की मांग की है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 12 May 2026, 9:51 PM IST
google-preferred

जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में एक युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। राजपुर मुड़ली गांव निवासी संदीप मद्धेशिया (उम्र 40 वर्ष) संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया है। परिजनों के मुताबिक घटना के बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है और किसी भी तरह का संपर्क नहीं हो पा रहा है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

शादी से जुड़ा था मामला

परिजनों ने बताया कि संदीप की पहली पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। इसके बाद परिवार ने उसकी दूसरी शादी की तैयारी शुरू की थी और नेपाल के सेमरा गांव में उसकी सगाई तय हुई थी। बताया जा रहा है कि लड़की पक्ष के लोग पुणे में रहते थे और संदीप भी काम के सिलसिले में पुणे गया हुआ था।

गोरखपुर स्टेशन तक साथ दिखा

जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल को संदीप उन लोगों के साथ गोरखपुर रेलवे स्टेशन तक आया था। इसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं चल रहा है। जब परिजनों ने लड़की पक्ष से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि संदीप गोरखपुर तक उनके साथ था, लेकिन इसके बाद वह कहां गया, इसकी उन्हें भी कोई जानकारी नहीं है। इसी बयान ने मामले को और ज्यादा रहस्यमय बना दिया है।

परिजनों को अनहोनी की आशंका

संदीप के लापता होने के बाद परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों का कहना है कि उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। परिवार ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और युवक को जल्द से जल्द खोजने की मांग की है।

पुलिस जांच की मांग तेज

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मामला सिर्फ गुमशुदगी का नहीं बल्कि इसके पीछे कुछ बड़ा राज भी हो सकता है। फिलहाल पुलिस से उम्मीद की जा रही है कि वह सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाएगी और युवक का पता लगाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  12 May 2026, 9:51 PM IST

Advertisement