हिंदी
फर्जी दस्तावेज से मकान हड़पने वाली महिला गिरफ्तार (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Gorakhpur: जनपद में धोखाधड़ी और कूटरचना के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक मकान अपने नाम रजिस्ट्री करा लिया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ कौस्तुभ द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष कोतवाली के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दीपशिखा रंजन और उनकी टीम ने यह गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
पुलिस के अनुसार, यह मामला वर्ष 2020 में दर्ज मुकदमा संख्या 0057/2020 से जुड़ा है, जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 506 के तहत केस दर्ज किया गया था। आरोप है कि कमला देवी नामक महिला ने वादी के मकान को धोखे से हड़पने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और नगर निगम में अपने नाम से रजिस्ट्री करा ली। इस संबंध में न्यायालय के आदेश पर धारा 156(3) दंड प्रक्रिया संहिता के तहत मामला दर्ज हुआ था।
गोरखपुर: दहेज हत्या में बड़ी कार्रवाई, गोला पुलिस ने आरोपी पति को दबोचा
गिरफ्तार महिला की पहचान कमला देवी पत्नी स्वर्गीय उमाशंकर चौरसिया, निवासी बेइलिया वार्ड नंबर-08 तिलकनगर थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी दहेज हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है, जिसमें थाना बड़हलगंज में वर्ष 2016 का मामला शामिल है।
गिरफ्तारी टीम में महिला उपनिरीक्षक दीपशिखा रंजन (चौकी प्रभारी नगर निगम), उपनिरीक्षक राहुल कुमार यादव और उपनिरीक्षक संध्या मौर्या शामिल रहे। टीम की सक्रियता और सतर्कता के चलते लंबे समय से लंबित इस मामले में अहम सफलता मिली है।
गोरखपुर में चोरी का बड़ा खुलासा, ऐसे आए पुलिस के शिकंज में
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संपत्ति संबंधी धोखाधड़ी के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता से भी अपील की गई है कि जमीन-जायदाद के लेनदेन में पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
Location : Gorakhpur
Published : 26 April 2026, 7:30 PM IST