हिंदी
यूपी में नवंबर के अंत के साथ मौसम का मिजाज तेजी से बदलने जा रहा है। IMD ने आगरा, कानपुर, लखनऊ, नोएडा समेत कई जिलों में घना कोहरा और न्यूनतम तापमान में गिरावट की चेतावनी दी है। अगले तीन दिनों में ठंड और बढ़ने वाली है। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मौसम अपडेट (Img: google)
New Delhi: दिसंबर की दस्तक से पहले ही उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिनों में ठंड तेजी से बढ़ने वाली है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 30 नवंबर से प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा छाने लगेगा, जबकि दोपहर में मौसम शुष्क रहेगा। कई जिलों में हल्के बादल भी दिखाई देंगे, हालांकि बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है।
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक, पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 30 नवंबर को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह के समय दृश्यता कम हो सकती है। लखनऊ में शाम के बाद हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और आगरा में कोहरे की शुरुआत सुबह से ही होगी। ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट भी दर्ज की जाएगी।
कोहरे का असर केवल पश्चिमी यूपी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूर्वांचल में भी सुबह के समय घनी धुंध दिखाई दे सकती है। वाराणसी, आजमगढ़, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, सोनभद्र समेत कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इसी तरह बरेली, अयोध्या, लखीमपुर खीरी, सुल्तानपुर, झांसी, गोरखपुर, महराजगंज, पीलीभीत और मुरादाबाद जैसे जिलों में भी दृश्यता कम हो सकती है।
इसके अलावा, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, चित्रकूट, कन्नौज, मैनपुरी, इटावा, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, मथुरा, अलीगढ़ और बिजनौर जैसे जिलों में भी सुबह की शुरुआत गहरे कोहरे के साथ होगी। इन सभी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले तीन दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। तापमान में इस गिरावट के चलते ठंड का असर और तेज हो जाएगा और सुबह और रात के समय सर्द हवाएं परेशान कर सकती हैं।
नवंबर में नहीं पड़ी कड़ाके की ठंड! पल-पल बदल रही मौसम की स्थिति, आने वाले दिनों में कैसा रहा हाल?
इस बीच कानपुर ने प्रदेश में सबसे ठंडे शहर का दर्जा हासिल किया है। बीते 24 घंटों में यहां न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। वहीं कई जिलों में दृश्यता 500 मीटर तक ही सीमित रही, जिससे सुबह के समय आवागमन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतें, खासकर वाहन चलाते समय कोहरे के बीच फॉग लाइट का इस्तेमाल अवश्य करें। आगामी दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, इसलिए लोगों को गर्म कपड़ों के साथ ही आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की भी अपील की गई है।