बस्ते में किताबें और हाथों में छुरी, गोरखपुर स्कूल के बाहर दो छात्रों के बीच हुए इस खूनी संघर्ष ने झकझोर कर रख दिया

गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के बाहर मंगलवार को दो छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। स्कूल के पीछे मुख्य मार्ग पर हुई चाकूबाजी में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना अंतर्गत आदर्श इंटर कॉलेज हरदीचक के बाहर मंगलवार दोपहर दो हाईस्कूल छात्रों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। खजनी-माल्हनपार मुख्य मार्ग पर विद्यालय के पीछे दोनों छात्रों के बीच चाकूबाजी हो गई। घटना में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। एक छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर गोरखपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई।

जानें पूरा मामला

बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर विद्यालय के पीछे मुख्य मार्ग के पास छात्र शिवम और विनय के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान दोनों के बीच चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई। हमले में विनय के सीने में गहरा घाव लगा, जबकि शिवम के बाएं अंडकोष, सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। दोनों छात्रों को खून से लथपथ देखकर आसपास मौजूद अन्य छात्रों में भगदड़ मच गई। कुछ छात्रों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन चाकूबाजी की स्थिति देखकर कई छात्र वहां से भाग गए।

यह भी पढ़ें - Gorakhpur: दहेज में फॉर्च्यूनर नहीं मिली तो विवाहिता पर टूटा कहर, गर्भपात का दबाव और घर से निकालने का आरोप

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना तत्काल पुलिस के 112 नंबर और एंबुलेंस सेवा 108 को दी गई। गंभीर रूप से घायल शिवम को पहले बढ़नी चौराहे स्थित राजेश मेडिकल स्टोर ले जाया गया, जहां प्राथमिक तौर पर खून रोकने का प्रयास किया गया। इसके बाद एंबुलेंस से उसे बांसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए गोरखपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं घायल विनय का हरनहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कराया गया।

घायल शिवम ननिहाल में रहकर करता था पढ़ाई

बताया गया कि घायल शिवम अपने ननिहाल में नाना रामसजन, नानी सरस्वती और मामा दिनेश के साथ रहकर पढ़ाई करता है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। बांसगांव थानाध्यक्ष सब इंस्पेक्टर विशाल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। दोनों घायल छात्रों को इलाज के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें - Gorakhpur Waterlogging: तीन साल से नाला साफ नहीं, हजारों एकड़ में डूबी धान की फसल; अब गेहूं की बुआई पर संकट

वहीं, आदर्श इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश सिंह ने बताया कि घटना के समय विद्यालय में सातवीं घंटी की पढ़ाई चल रही थी। उन्हें विद्यालय के बाहर मारपीट की जानकारी मिली। कुछ लोगों ने बाहरी बच्चों के बीच विवाद होने की बात बताई है। यदि जांच में विद्यालय के विद्यार्थियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके अभिभावकों को बुलाकर विद्यालय के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  22 September 2026, 7:14 PM IST

Related News

Advertisement