बागपत हत्याकांड : 25 सेकेंड में 6 गोलियां… शव उठाने पर पुलिस से नोकझोंक, हाईवे जाम

बागपत में टेंट व्यापारी और उनके बेटे की हत्या के बाद भारी आक्रोश फैल गया। व्यापारियों ने हाईवे जाम कर एनकाउंटर की मांग की और पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। 25 सेकेंड में हुई वारदात और पुरानी रंजिश ने पूरे इलाके को दहला दिया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 10 June 2026, 5:59 AM IST
google-preferred

Baghpat : जिले में टेंट व्यापारी और उनके बेटे की हत्या के बाद हालात बेकाबू हो गए। गुस्साए व्यापारियों ने बाजार बंद कराकर दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हालात संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन व्यापारियों का आक्रोश इतना बढ़ा कि एनकाउंटर की मांग और शव न उठाने देने को लेकर पुलिस से तीखी नोकझोंक हो गई।

हाईवे जाम और भारी आक्रोश

घटना के बाद व्यापारियों ने संगठित होकर बाजार बंद कराया और दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसपी सूरज कुमार राय समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन व्यापारियों ने साफ कहा कि आरोपियों का एनकाउंटर होना चाहिए। इस दौरान शव उठाने को लेकर पुलिस और व्यापारियों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

रूट डायवर्जन कर ट्रैफिक बहाल

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने नेशनल हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू कर वाहनों को दूसरे रास्तों से निकलवाया। काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

लोनी हत्याकांड में बड़ा अपडेट: गोलियों से भूनने के बाद बागपत फेंकी लाश, 4 आरोपियों में से 50 हजार का इनामी मोहित शर्मा गिरफ्तार

25 सेकेंड में अंजाम दिया गया खूनखराबा

हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर महज 25 सेकेंड में वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, शाम 5:50:30 बजे आरोपी दुकान में घुसे और सोहनलाल को गोलियों से भून दिया। इसके बाद उनके बेटे विकास पर भी हमला किया गया और 5:50:55 बजे दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इस दौरान करीब 6 राउंड फायरिंग की गई।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

इस खौफनाक वारदात की जड़ 2016 की रंजिश बताई जा रही है। उस समय वरुण लुहारी ने रंगदारी मांगने के बाद विवाद किया था और कई बार मारपीट की घटनाएं हुई थीं। बाद में जमानत पर बाहर आने के बाद 2016 में ही फायरिंग की बड़ी घटना हुई थी। जिसमें उसका भाई कपिल मारा गया था और दोनों पक्षों के लोग घायल हुए थे।

लगातार बढ़ती रंजिश और धमकियां

तभी से वरुण लुहारी और व्यापारी सोहनलाल के बीच गहरी रंजिश चल रही थी। आरोप है कि वरुण कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका था, जिसका अंत अब इस दोहरे हत्याकांड में हुआ।

तनावपूर्ण माहौल जारी

फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।

Location :  Baghpat

Published :  10 June 2026, 5:27 AM IST

Advertisement