मानसून ने बदला ठिकाना: UP में 72 घंटे हल्की फुहारें, फिर मूसलाधार बारिश का अलर्ट, पढ़ें आज का ताजा अपडेट

यूपी में फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी हो गई है। 24 जुलाई को लखनऊ समेत 54 जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिन राहत रहेगी, लेकिन 27 जुलाई से एक बार फिर पूरे प्रदेश में मूसलाधार बारिश का नया दौर शुरू होगा।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 24 July 2026, 8:01 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश का दौर फिलहाल थमता नजर आ रहा है। पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के बाद अब मानसूनी बादलों ने अपनी दिशा थोड़ी बदल ली है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार (24 जुलाई) को प्रदेश के 54 शहरों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। यानी आज तेज बारिश तो नहीं होगी, लेकिन मौसम सुहाना बना रहेगा और लोगों को उमस से राहत मिलती रहेगी।

राजधानी लखनऊ समेत इन जिलों में कैसा रहेगा मौसम?

शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में दिनभर हल्के बादलों का डेरा रहेगा। यहां हल्की फुहारें पड़ने का अनुमान है, जिससे तापमान 26 डिग्री से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।

बीते 24 घंटों की बात करें तो सबसे ज्यादा 27 मिमी बारिश इटावा जिले में दर्ज की गई, जबकि हमीरपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर और कानपुर में भी हल्की फुहारें पड़ीं। आज शामली, सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, गोंडा, अयोध्या, गोरखपुर, झांसी और चित्रकूट समेत 54 जिलों में हल्की बारिश की उम्मीद है।

मानसून ले रहा है शॉर्ट ब्रेक? UP में आज हल्की बौछारें, लेकिन मौसम विभाग ने दी 27-28 जुलाई को भारी तबाही की चेतावनी

आखिर क्यों धीमी हुई बारिश की रफ्तार?

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मानसूनी ट्रफ रेखा (Monsoon Trough) दक्षिण की तरफ खिसक गई है। साथ ही, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र (Low-Pressure Area) भी कमजोर पड़ चुका है।

इसी वजह से मानसूनी हलचल अब पश्चिम और मध्य भारत की ओर शिफ्ट हो गई है। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश में अगले 72 घंटे यानी 26 जुलाई तक तेज बारिश नहीं होगी और केवल हल्की बूंदाबांदी देखने को मिलेगी।

मानसून का दिखा रौद्र रूप, दिल्ली को मिली राहत तो उत्तराखंड-मध्य प्रदेश में भारी तबाही का खतरा

27 जुलाई से फिर लौटेगा तूफानी मानसून

अगर आपको लग रहा है कि मानसून अलविदा कह रहा है, तो आप गलत हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सोमवार यानी 27 जुलाई से मानसून एक बार फिर पूरी ताकत से करवट लेगा।

बंगाल की खाड़ी और वायुमंडल में बनने वाले नए सिस्टम की वजह से 27 जुलाई से पूरे प्रदेश में मूसलाधार बारिश का नया दौर शुरू हो जाएगा। ऐसे में 3 दिनों की इस राहत के बाद लोगों को एक बार फिर भारी बारिश और जलभराव का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।

Location :  Lucknow

Published :  24 July 2026, 8:01 AM IST

Related News

Advertisement