हिंदी
अगले आदेश तक मेट्रो बंद
नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रोटेस्ट को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली मेट्रो ने बताया कि 24 जुलाई (शुक्रवार) सुबह 7:30 बजे से 17 मेट्रो स्टेशन यात्री सेवाओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
मेट्रो प्रशासन ने सभी यात्रियों को सलाह दी है कि वे इस दौरान मेट्रो के बजाय बस, ऑटो या अन्य वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें। यह लगातार तीसरा दिन है जब सुरक्षा कारणों से इन स्टेशनों को बंद रखा जाएगा।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने गुरुवार देर रात को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि शुक्रवार (24 जुलाई) की सुबह साढ़े सात बजे से शहर के 17 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे।
बंद रहने वाले स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं।
सोनम वांगचुक ने 26 दिनों बाद तोड़ा अनशन, सरकार की तरफ से मिला ये आश्वासन
हालांकि बंद रहने के दौरान कुछ महत्वपूर्ण स्टेशनों पर इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा यात्री उपलब्ध रहेगी। राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। DMRC ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। DMRC ने यात्रियों को आधिकारिक वेबसाइट, ऐप या सोशल मीडिया हैंडल पर अपडेट चेक करते रहने की सलाह दी गई है।
प्रदर्शन से जुड़े सुरक्षा इंतजामों के कारण बुधवार और गुरुवार को भी ये स्टेशन लंबे समय तक बंद रहे थे, जिससे ऑफिस जाने वालों, छात्रों और अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुवार को केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस और राजीव चौक स्टेशनों के एंट्री गेट करीब 14 घंटे बाद शाम को खोले गए, जबकि अन्य स्टेशन बंद रहे। कई यात्रियों को अपनी यात्रा योजना बदलनी पड़ी और सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ा, जिससे ट्रैफिम जाम की स्थिति पैदा हो गई। सोमवार को भी जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ स्टेशन कुछ घंटों के लिए बंद किए गए थे।
Location : New Delhi
Published : 24 July 2026, 3:31 AM IST