हिंदी
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश के थमने के बाद से भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में दिन और रात दोनों समय गर्म हवाएं और चिपचिपी उमस लोगों को बेहाल कर रही हैं। लगातार बढ़ते तापमान और नमी के कारण लोग थकावट, बेचैनी और नींद में खलल जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
गुरुवार को लखनऊ में सुबह से ही तेज धूप और उमस का असर महसूस किया गया। दिनभर पसीने से तर-बतर लोग राहत की आस लगाए रहे। हालांकि देर रात मौसम अचानक बदला और लगभग आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। इस बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर आई, लेकिन उमस फिर से लौट आई, जिससे राहत ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। केवल हल्की और छिटपुट बारिश ही देखने को मिलेगी। 5 सितंबर को पश्चिमी यूपी के कुछ स्थानों और पूर्वी यूपी में कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 6 से 9 सितंबर तक भी हल्की बारिश की ही संभावना जताई गई है। खासकर 9 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
लखनऊ में भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बना निम्न दबाव क्षेत्र मध्य भारत से होकर गुजर रहा है, जिससे मानसून द्रोणी दक्षिण की ओर खिसक गई है। इसके कारण उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां कमजोर हो गई हैं। आगामी दिनों में दक्षिणी यूपी को छोड़कर अन्य इलाकों में हल्की बारिश ही संभावित है।
रामस्वरूप विश्वविद्यालय में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में एबीवीपी का प्रदर्शन
राज्यभर में लोग और किसान मानसून की सक्रिय वापसी का इंतजार कर रहे हैं। खासतौर पर किसान अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ताकि खेतों में नमी बनी रहे और फसलें सुरक्षित रहें। फिलहाल मौसम विभाग के अनुसार लोगों को अभी और इंतजार करना होगा क्योंकि सामान्य से अधिक बारिश की संभावना नहीं है।
वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटों में सामान्य से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम कुछ हद तक सुहावना रहेगा। हालांकि इसके बाद उमस और बढ़ सकती है, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
Location : Lucknow
Published : 5 September 2025, 7:27 AM IST
Topics : lucknow weather UP News Weather News Weather Update