हिंदी
प्रतापगढ़ में पूर्व प्रधान गुलहसन उर्फ मुन्ना की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। प्रेम संबंध और ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने अपने भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर हत्या कर शव नहर में फेंक दिया।
मुन्ना की हत्या ( Img: Google)
Pratapgarh: एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां चार दिन से लापता पूर्व प्रधान का शव बोरी में बंद हालत में नहर से बरामद हुआ। इस खौफनाक हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग, ब्लैकमेलिंग और साजिश की कहानी सामने आई है। जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मानधाता थाना क्षेत्र के मिश्रपुर मुस्तरका गांव के पूर्व प्रधान गुलहसन उर्फ मुन्ना 18 मार्च को बाइक से बाजार के लिए निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। परिवार ने दो दिन तक तलाश की लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो गुमशुदगी दर्ज कराई गई। तीसरे दिन उनकी बाइक, चाबी और हेलमेट मऊआइमा क्षेत्र में लावारिस हालत में मिले। जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया।
पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और परिवार के शक के आधार पर जांच शुरू की। इसी दौरान सुमन देवी नाम की महिला को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने जो खुलासा किया, उसने सभी को हैरान कर दिया। सुमन ने कबूल किया कि उसने अपने भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर गुलहसन की हत्या की है।
आरोपी महिला ने बताया कि उसका गुलहसन के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। लेकिन कुछ समय से वह उससे मिलने का दबाव बना रहा था और ब्लैकमेल भी कर रहा था। इसी से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची। 18 मार्च की रात उसने गुलहसन को मिलने के लिए बुलाया। जहां पहले से मौजूद उसके भाई और दोस्त ने लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को उर्वरक की बोरी में भरा और सुमेरपुर के पास शारदा सहायक नहर में फेंक दिया। रविवार सुबह जब बोरी में शव मिला तो इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एएसपी शैलेंद्र लाल ने बताया कि पूर्व प्रधान की हत्या प्रेम प्रसंग में हुई है। पहले से दर्ज गुमशुदगी के केस को हत्या में परिवर्तित किया जाएगा। महिला से पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।