मिर्जापुर में UP STF का बड़ा एक्शन: 1.25 करोड़ रुपये का नशीला माल जब्त, कोयले के बीच छिपाकर लाया जा रहा था 198 किलो गांजा

मिर्जापुर में STF और मड़िहान पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 198 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को सीज कर एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 19 September 2026, 8:57 PM IST
google-preferred

Mirzapur News: अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मिर्जापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मड़िहान पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 1.25 करोड़ रुपये कीमत का 198 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे अशोक लेलैंड ट्रक को भी कब्जे में लेते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।

वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया ट्रक

पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में मड़िहान थाना पुलिस और STF की संयुक्त टीम को मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक अशोक लेलैंड ट्रक को रोककर जांच की गई। ट्रक चालक से पूछताछ के बाद पुलिस को कोयले के बीच छिपाकर रखे गए गांजे की जानकारी मिली।

कोयले की आड़ में छिपाई गई थी गांजे की खेप

पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें कोयले के बीच छह बोरियों में छिपाकर रखा गया कुल 198 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शाकिर बक्स पुत्र महबूब आलम निवासी न्यू आनंद नगर, पम्प हाउस कुंडम रोड, थाना अधारताल, जिला जबलपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।

उड़ीसा से प्रयागराज और वाराणसी पहुंचानी थी खेप

पुलिस पूछताछ में आरोपी चालक ने बताया कि वह उड़ीसा के रायगढ़ा से ट्रक में लदे कोयले के बीच गांजा छिपाकर ला रहा था। इस खेप को प्रयागराज और वाराणसी में बताए गए लोगों तक पहुंचाना था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि गांजा पहुंचाने के बदले उसे हर चक्कर का एक लाख रुपये मिलता था। इसी लालच में वह तस्करी का काम कर रहा था।

NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज

मामले में थाना मड़िहान में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 228/2026 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है। वहीं गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए गए अशोक लेलैंड ट्रक संख्या MP28H4005 को सीज कर दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि गांजा तस्करी के पूरे गिरोह का पता लगाया जा सके।

Location :  Mirzapur

Published :  19 September 2026, 8:56 PM IST

Advertisement