हिंदी
पढ़ें उत्तर प्रदेश की सभी बड़ी खबरें
Lucknow/New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
इस लाइव ब्लॉग में आपको उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना, राजनीतिक हलचल, अपराध, खेल और हर जरूरी घटनाक्रम पढ़ने को मिलेगा।
मुजफ्फरनगर में नहर पुल के नीचे अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई, जहां हत्या के बाद शव जलाकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने ‘ऑपरेशन किसान प्रहरी’ के तहत यूरिया तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और करीब 60 लाख रुपये की अनुदानित यूरिया बरामद की है।
सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र के हर्रा गांव में सोन नदी में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना के बाद गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
नॉर्वे चेस 2026 के सातवें राउंड में शतरंज की दुनिया में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला, जहां भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानंद ने अपने शानदार खेल से एक बार फिर सबका ध्यान खींच लिया। उन्होंने क्लासिकल मुकाबले में फ्रांस के मजबूत खिलाड़ी अलीरेजा फिरोजा को हराकर खिताब की दौड़ को और दिलचस्प बना दिया। लंबे समय तक चले इस मुकाबले में प्रज्ञानंद ने धैर्य, सटीक रणनीति और मजबूत एंडगेम तकनीक का प्रदर्शन किया और धीरे-धीरे अपनी बढ़त को जीत में बदल दिया।
महिला वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। भारत की युवा ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख और अनुभवी खिलाड़ी कोनेरू हम्पी के बीच क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इसके बाद खेले गए आर्मागेडन में दिव्या देशमुख ने काले मोहरों से खेलते हुए बेहतरीन रणनीति अपनाई और जीत दर्ज की। इस जीत के साथ दिव्या ने अतिरिक्त अंक हासिल किए और अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
फ़तेहपुर जिले के जहानाबाद कौह में पूर्व विधायक आदित्य पांडे के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा लिखा गया है। इस मामले पर ऊर्जा मंत्री को शिकायती भेज आदित्य पांडे ने प्रेस कांफ्रेंस कर आरोप लगाया कि एक जनप्रतिनिधि के द्वारा उनकी छवि धूमिल किये जाने के लिए षड्यंत्र रचा गया। जबकि उनका भट्ठा 2017 से बंद पड़ा है। षड्यंत्र के तहत बंद पड़ी कोठरी में तार को डालकर विद्युत पोल से लाइन जोड़कर वीडियो बनाकर फर्जी मुकदमा लिखाया गया है। जबकि वह कानपुर में रहते है। उन्होंने कहा कि उन्हें बदनाम किये जाने की साजिश रची जा रही है। इस मामले में उन्होंने जांच करवाकर कार्रवाई की मांग की है।
देवरिया जिले की सलेमपुर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करों के खिलाफ एक सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ हरियाणा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्कर के पास से शराब बिक्री के हजारों रुपये नगद और एक फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की है। बरामद शराब और कार की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना कोन थाना क्षेत्र के कचनरवा गांव के बरवाटोला की है। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को फंदे से लटकाए जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मौत के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चंदौली में समाजवादी पार्टी की महिला नेता गार्गी पटेल से मारपीट के मामले को लेकर सियासत लगातार गरमाती जा रही है। गार्गी पटेल से पक्ष-विपक्ष के नेताओं के मिलने का सिलसिला जारी है। गार्गी पटेल अस्पताल में अभी तक भर्ती है। मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने गार्गी पटेल का हाल जाना और बाद में सत्ता पक्ष पर जमकर बरसे। उन्होंने सपा नेत्री पर हुए हमले को कायरतापूर्ण बताया और भाजपा पर आरोप लगाया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति रहे प्रतीक यादव की मौत के बाद उनकी छोटी बेटी पद्मजा ने अपने पिता की याद को एक बेहद भावुक अंदाज में संजोया है। पद्मजा ने अपने हाथ पर पिता के साथ अपनी तस्वीर का टैटू बनवाया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद लोग भावुक हो रहे हैं और पिता-पुत्री के रिश्ते की मिसाल बता रहे हैं।
उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में एक्स-रे टेक्निशियनों की तबादला सूची जारी होते ही नया विवाद सामने आ गया है। महज 38 कर्मचारियों की सूची में एक ही नाम दो अलग-अलग क्रमांक पर दर्ज होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि स्वास्थ्य विभाग पहले से ही एक ही नाम पर दो-दो नियुक्तियों के आरोपों और भर्ती घोटाले की जांच को लेकर चर्चा में रहा है। ऐसे में ट्रांसफर लिस्ट में सामने आई यह गड़बड़ी अब नए विवाद का कारण बन गई है।
गाजियाबाद के खोड़ा में हुए सूर्या हत्याकांड मामले में प्रशासन की ओर से बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिला मजिस्ट्रेट (DM) ने सूर्या के पीड़ित परिवार के एक सदस्य को खोड़ा नगर पालिका में सफाई सुपरवाइजर के पद का आधिकारिक नियुक्ति पत्र सौंपा है। नगर विकास मंत्रालय की ओर से जारी इस नियुक्ति पत्र को डीएम ने खुद पीड़ित परिवार को सौंपकर उन्हें संबल प्रदान किया।
गोरखपुर नगर निगम के तीन वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और सांसद रवि किशन ने गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस विशेष मुलाकात के दौरान मेयर और सांसद ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस गौरवपूर्ण शिष्टाचार भेंट के अवसर पर एमएलसी (MLC) डॉ. धर्मेंद्र सिंह सहित नगर निगम के कई सम्मानीय पार्षदगण भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बाराबंकी पहुंचीं, जहां उन्होंने राजकीय बालिका संप्रेक्षण गृह में नवनिर्मित कंप्यूटर लैब का भव्य उद्घाटन किया। इस दौरान राज्यपाल ने संप्रेक्षण गृह की लड़कियों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुना। इस उद्घाटन कार्यक्रम के अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा समेत शासन-प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
सुल्तानपुर के जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लेखपाल विवेक वर्मा को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लेखपाल एक शिकायतकर्ता से उसके काम के एवज में 5 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था। इसी दौरान पहले से जाल बिछाकर बैठी एंटी करप्शन की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के दीपपुर गांव में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण करंट लगने से 6 बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के दौरान अपनी बेजुबान बकरियों को बचाने गई एक महिला भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। आनन-फानन में घायल महिला को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद से बिजली विभाग की घोर लापरवाही को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष और आक्रोश व्याप्त है।
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बारासिरोही में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां लाइसेंसी रिवॉल्वर की सफाई करने के दौरान अचानक गोली चल गई। हादसे में चली यह गोली पास ही मौजूद बेटी को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद घायल बेटी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से आज लखनऊ में डीजीपी (DGP) राजीव कृष्ण ने एक शिष्टाचार मुलाकात की। डीजीपी राजीव कृष्ण अपनी पत्नी के साथ राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे थे। इस विशेष मुलाकात के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने डीजीपी को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दीं।
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में आज 2 जून को आयुक्त सभागार में सीएमआईएस पोर्टल और सीएम डैशबोर्ड के तहत मंडल स्तरीय विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं और विभिन्न विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, परियोजनाओं की कार्यदक्षता, आंकड़ों के आधार पर योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित न्यायिक वादों के निस्तारण पर चर्चा हुई। गोरखपुर जनपद में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों में धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्थाओं को कड़ी फटकार लगाते हुए सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात प्रधानी की पुरानी रंजिश एक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। यहाँ के प्यारमपुरा गांव के समीप घात लगाए बैठे हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में एक कार का पीछा किया और उसमें सवार दो सगे भाइयों पर ताबड़तोड़ फायरिंग झोंक दी।
इस दुस्साहसिक हमले में शाहपुर गुर्जर निवासी किताब सिंह के एक पुत्र अवनीश यादव (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका दूसरा बेटा मलिक उर्फ उपेंद्र (38) गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल व्याप्त है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद अंतर्गत छिबरामऊ नगर पालिका परिषद कार्यालय में उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब सरकारी जमीन के कथित अवैध आवंटन को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष और हिंदूवादी संगठनों के नेताओं के बीच तीखी बहस हो गई। मामला साल 2022 का है, जिसमें कथित तौर पर मिलीभगत कर नगरपालिका की 3 फुट सरकारी जमीन को गलत तरीके से आवंटित कराने का आरोप है।
इसी विवादित मामले को लेकर राष्ट्रीय लोकदल के कानपुर मंडल उपाध्यक्ष श्रेयस द्विवेदी (एडवोकेट गुड्डा), नव हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुपम बाजपेई और भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष राजा शुक्ला के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। वहाँ पालिका अध्यक्ष मनोज दुबे के सामने जब यह मुद्दा उठाया गया, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी नोक-झोंक शुरू हो गई। कार्यालय के भीतर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था, जिसे बाद में वहाँ मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर बमुश्किल शांत कराया।
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के कोल्हुई क्षेत्र अंतर्गत राजपुर मुडली स्थित एक पेट्रोल पंप की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद इलाके में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर आम जनता के बीच भारी भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। दरअसल, वायरल फोटो में कुछ किसान अपने पम्पिंग सेट लेकर पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के लिए कतार में खड़े दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस फोटो के साथ यह भ्रामक दावा किया गया कि यह तस्वीर बुधवार की है और क्षेत्र में डीजल के लिए भारी किल्लत के चलते लंबी लाइन लगी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों में कौतूहल और असमंजस का माहौल बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। सूचना विभाग द्वारा राही ब्लॉक परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे जिलाधिकारी (DM) सरनजीत कौर ब्रोका ने किया।
इस विकास प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को आकर्षक पोस्टर, बैनर और प्रचार सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य स्थानीय किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है ताकि वे इन योजनाओं की सही प्रक्रिया को समझकर इनका सीधा लाभ उठा सकें।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष के प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं ने बेहद अलग और अनोखे अंदाज में उनका जोरदार स्वागत किया। सोनूघाट चौराहे पर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं तथा गगनभेदी जयकारों के साथ अपने नए जिलाध्यक्ष का भव्य अभिनंदन किया। इस स्वागत समारोह का मुख्य आकर्षण तब रहा, जब नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष कार्यकर्ताओं के बीच एक बुलडोजर पर सवार होकर पहुंचे और हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। इस पूरे आयोजन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और जोश देखने को मिला।
महराजगंज जनपद के कोल्हुई कस्बे में मानसून की पहली बारिश ने ही स्थानीय व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। इस पहली बारिश के कारण गोरखपुर-सोनौली नेशनल हाईवे पर कई प्रमुख स्थानों पर भारी जलभराव हो गया है, जिससे सड़क का हिस्सा किसी तालाब में तब्दील नजर आने लगा है। हाईवे पर पानी भर जाने से वहाँ से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और लोग काफी सावधानी के साथ आवागमन करने को मजबूर हैं। सड़क पर जमा पानी से न सिर्फ यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है, बल्कि इस व्यस्त मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी बढ़ गई है।
महराजगंज जनपद में स्थित भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान एक ट्रक चालक ने कार्रवाई से नाराज होकर आत्महत्या का प्रयास कर दिया। चालक के इस हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान जांच के दौरान एक ट्रक को ओवरलोड पाए जाने पर सीज कर दिया गया। ट्रक सीज किए जाने की कार्रवाई से चालक नाराज हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने पहले अधिकारियों से बहस की और फिर सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ही देर बाद चालक ट्रक पर चढ़ गया और आत्महत्या के इरादे से उसमें लगी लोहे की तार निकालकर अपने गले में लपेट ली।
जनपद बदायूं की बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव सर्वा के रहने वाले 30 वर्षीय दिव्यांगस किसान चंद्रपाल पुत्र सुरेश देर रात अपने खेत पर मक्का की फसल की रखवाली करने गया था। चंद्रपाल ने रात में ही संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में खड़े पॉपुलर के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। मंगलवार सुबह-सुबह पड़ोसियों और खेत वालों ने जब चंद्रपाल को पेड़ पर लटका देखा तो परिजनों को सूचना दी। मौत की सूचना मिलते ही रोते बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दिव्यांग के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक 3 वर्षीय मासूम बच्चे ने खेल-खेल में 5 रुपये का सिक्का निगल लिया। सिक्का बच्चे के खाने की नली में फंस गया था, जिससे उसकी जान पर बन आई। इसके बाद मोतीपुर स्थित मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने तत्परता दिखाते हुए बिना कोई चीरा लगाए, आधुनिक दूरबीन विधि (Endoscopy) से सर्जरी करके सुरक्षित रूप से सिक्का बाहर निकाल लिया। डॉक्टरों के इस सफल प्रयास से मासूम को नया जीवन मिला है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहाँ थाना फतेहपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर स्मैक तस्कर को दबोच लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तस्कर के पास से 11.93 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। यह पूरी कार्रवाई फतेहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई है, जहाँ पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के तिवारीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इलाहीबाग (लाला टोली धोबिन वाली गली) से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के रहने वाले संजय कुमार श्रीवास्तव पिछले 33 वर्षों से एक जमीन विवाद में न्याय पाने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि इस लंबे विवाद के कारण उनके ऊपर कई मुकदमे दर्ज करा दिए गए हैं, जिससे उनका पूरा जीवन बर्बाद हो गया है। उन्हें न तो कोई रोजगार मिल सका और न ही बुनियादी सुविधाएं नसीब हो पाईं।
आईपीएल (IPL 2026) का खिताब जीतने के बाद स्टार क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ मथुरा के वृंदावन स्थित राधा केलि कुंज आश्रम पहुंचे। यहाँ दोनों ने पूज्य संत प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। आईपीएल में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के तुरंत बाद कान्हा की नगरी पहुंचे विराट और अनुष्का की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं, जिसमें दोनों बेहद साधारण और भक्तिमय रूप में नजर आ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के महेवाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत घोघपुर गांव से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ मामूली बात पर हुए आपसी विवाद के बाद एक पति ने अपनी ही पत्नी की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) ने फरार आरोपी पति की त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हाई-सिक्योरिटी वाले छावनी (कैंट) क्षेत्र में एक संदिग्ध ड्रोन उड़ता हुआ देखे जाने से हड़कंप मच गया। सेना के अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत इसकी सूचना सिविल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और इलाके में रात भर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन फिलहाल ड्रोन का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। वहीं, सोशल मीडिया पर ड्रोन को मार गिराए जाने की उड़ रही अफवाहों का अधिकारियों ने पूरी तरह से खंडन किया है। सैन्य और सिविल पुलिस द्वारा संदिग्ध ड्रोन की तलाश के लिए सर्च अभियान अभी भी लगातार जारी है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के कस्बा नानौता में बीच सड़क पर दो सांडों के आपस में भिड़ जाने से हड़कंप मच गया। सांडों के इस खतरनाक संग्राम के कारण बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान सांडों की जोरदार टक्कर की चपेट में आने से सड़क पर खड़ी तीन बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, इस हादसे में एक युवक भी घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बमुश्किल बचाया।
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ा ऐलान किया है। अब कुशीनगर के 'फाजिलनगर' का नाम बदलकर 'पावागढ़' किया जाएगा। इस बदलाव की घोषणा करते हुए सीएम योगी ने कहा, "हम क्यों फाजिल कहेंगे? हम तो पावागढ़ कहेंगे।" मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद इस ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले क्षेत्र के नाम बदलने की प्रशासनिक प्रक्रिया और चर्चाएं तेज हो गई हैं।
उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ श्री कृष्ण जन्मभूमि मामले के पक्षकार आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज को जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोप है कि उन्हें यह धमकी एक पाकिस्तानी नंबर से मिली है। धमकी देने वाले शख्स ने उनकी 'सनातन न्याय यात्रा' को बम से उड़ाने की बात कही है। इस सनसनीखेज धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय पुलिस अलर्ट हो गई हैं और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
आईपीएल 2026 (IPL 2026) का खिताब जीतने के बाद स्टार क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे हैं। यहाँ दोनों ने राधा केलि कुंज आश्रम में पूज्य संत प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान विराट और अनुष्का बेहद साधारण वेशभूषा में भक्ति भाव से सराबोर नजर आए। सोशल मीडिया पर दोनों की प्रेमानंद महाराज के आश्रम की तस्वीरें और वीडियो खूब पसंद किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में सूबे की बदलती तस्वीर का जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश में चौतरफा विकास हो रहा है। पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले कुशीनगर में माफिया का आतंक था और इंसेफ्लाइटिस (मस्तिष्क ज्वर) जैसी बीमारी से मासूम बच्चों की मौत होती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं और विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह ब्लॉक स्थित कुंडा कलां गांव से जलभराव और भारी गंदगी की समस्या सामने आई है। यहाँ गांव का मुख्य मार्ग पूरी तरह से गंदे पानी और कीचड़ में डूब चुका है, जिससे स्थानीय निवासियों का पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने इस बदहाली के लिए ग्राम प्रधान और ब्लॉक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण गांव में नारकीय हालात बने हुए हैं और आगामी बारिश के मौसम में स्थिति और ज्यादा बदतर होने की आशंका है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी (DM) के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई की गई है। एनआरएलएम (NRLM) की चल रही बैठक में पहुंचे ब्लॉक मिशन मैनेजर दीपराज सिंह को पुलिस ने भरी मीटिंग से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दीपराज सिंह पर 18 लाख रुपये के गबन का गंभीर आरोप है। इस कार्रवाई पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि गलत काम करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ ऐसी ही कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद क्षेत्र में रविवार रात करीब 1:40 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ कार चालक को झपकी आने की वजह से एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में दंपती सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और यूपीडा की टीम ने घायलों को बाहर निकाला। ये सभी लोग बिहार और राजस्थान के रहने वाले थे, जो अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद खाटूश्याम जी जा रहे थे।
उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गोवर्धन के राधाकुंड में रह रहे एक शातिर अश्लील साधु का पर्दाफाश हुआ है। आरोपी की पहचान अभिषेक मिश्रा के रूप में हुई है, जो पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर (बीटेक पास) है। वह ऑनलाइन प्रवचन के जरिए युवतियों को अपनी शिष्या बनाता था और फिर उन्हें नशा कराकर उनके साथ अश्लील हरकतें करता था। इस शातिर अपराधी ने कई बीटेक इंजीनियर युवतियों सहित दर्जनों लड़कियों को अपनी हवस का शिकार बनाया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में विभूतिखंड स्थित समिट बिल्डिंग परिसर से मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ कुछ युवतियों के बीच किसी बात को लेकर जमकर लात-घूंसे चले और भारी हंगामा हुआ। हैरान करने वाली बात यह है कि मौके पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद ये युवतियां आपस में भिड़ती रहीं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बता दें कि इस समिट बिल्डिंग परिसर में आए दिन इस तरह की मारपीट और हुड़दंग की वारदातें सामने आती रहती हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुशीनगर दौरे पर पहुंचे हैं। यहाँ तमकुहीराज के हरिहरपुर में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रदर्शनी में पहुंचकर वहां प्रदर्शित की गई विभिन्न स्टॉलों और कलाकृतियों का काफी बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उनके साथ कई अन्य अधिकारी और नेता भी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की एक पॉश कॉलोनी में टॉयलेट के लिए बने गटर में गिरकर एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस मामले में ठेकेदार और आर्किटेक्ट पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे थे। घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी (DM) ने मामले को दबाने के आरोप में बड़ी कार्रवाई की है। डीएम ने इस लापरवाही और मामले को छुपाने के दोषी पाए जाने पर 3 अफसरों—लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और राजस्व लिपिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में इटौंजा-मॉल रोड पर बदमाशों ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां कुछ अज्ञात युवकों ने एक युवक को रोककर तमंचे के बल पर उसे आतंकित किया और उससे 6 वीडियो कैमरे और उसका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुल 4 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दुस्साहसिक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां के जैतपुर में आगरा-इटावा स्टेट हाईवे पर चुनावी रंजिश के चलते पूर्व प्रधान अवनीश की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने इलाके को दहलाते हुए करीब 25 राउंड फायरिंग की, जिसमें पूर्व प्रधान का दूसरा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
यह जानलेवा हमला उस वक्त हुआ जब पूर्व प्रधान कल कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे थे। इस खूनी हमले के दौरान कार में मौजूद उनके बेटे ने किसी तरह सीट के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। पीड़ित परिवार ने इस निर्मम हत्या का आरोप मौजूदा प्रधान के परिवार पर लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या मामले में एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है। चिराग का एशियन पैरा गेम्स में चयन ही उनकी हत्या की वजह बना। जलन के मारे उनके साथी खिलाड़ी यश खटीक ने पिस्टल से गोली मारकर चिराग की हत्या कर दी। दरअसल, चिराग त्यागी ने यश की शिकायत की थी, जिसके बाद दस्तावेज सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) में यश का चयन रुक गया था और इसी बात से नाराज होकर यश खटीक ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
उत्तर प्रदेश के सीतापुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दरोगा ने आधी रात को महिला दरोगा के सरकारी आवास पर जमकर हंगामा काटा और उसके घर में जबरन घुसने का प्रयास किया। महिला दरोगा ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपने आवास का दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई और तुरंत मोबाइल के जरिए सेनानायक (कमांडेंट) को घटना की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आला अधिकारियों सहित क्यूआरटी (QRT) की टीम मौके पर पहुंच गई है।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से मारपीट का एक मामला सामने आया है। यहां के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के कुआडीह गांव में एक मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। वहीं, इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
बदायूं के बगरैन से सामने आए करोड़ों रुपये के कथित हवाला कनेक्शन मामले में 6 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस बेहद गंभीर मामले में एक भाजपा नेत्री के बेटे का नाम मुख्य रूप से सामने आया था। करोड़ों के संदिग्ध ट्रांजेक्शन का मामला उजागर होने के बाद भी प्रशासनिक सुस्ती और कार्रवाई न होने को लेकर अब लगातार सवाल उठ रहे हैं।
जालौन के उरई स्थित पीएल कमला हॉस्पिटल में एक प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। परिजनों का गंभीर आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही से महिला की मौत हुई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने अपनी कमी छिपाने के लिए जबरन शव को एंबुलेंस में डालकर दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर भारी विरोध-प्रदर्शन किया।
Location : Lucknow/New Delhi
Published : 2 June 2026, 8:07 AM IST